IND VS AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतते ही अय्यर ने रचा इतिहास, मिर्जा बेग और हेनरी टायलर को पीछे छोड़ा

श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में टॉस जीतते ही नया विश्व रिकॉर्ड बनाया.

X
Ashutosh Rai

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में टॉस जीतकर अय्यर ने कप्तानी का खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने अपने शुरुआती 12 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 11वीं बार टॉस जीतकर इतिहास रचा.

पहले 12 मैच में 11 टॉस जीतकर रचा इतिहास

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा टी20 अय्यर की कप्तानी में 12वां मुकाबला था. इस मैच में टॉस जीतते ही उनके नाम 11 टॉस जीतने का आंकड़ा पहुंच गया. इसके साथ ही उन्होंने शुरुआती 12 टी20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा टॉस जीतने का विश्व रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड कतर के मिर्जा बेग और फिलीपींस के हेनरी टायलर के नाम था, जिन्होंने 10-10 टॉस जीते थे. अय्यर ने दोनों को पीछे छोड़ दिया. शुरुआती 12 मैचों में उन्हें सिर्फ एक बार टॉस में हार मिली.

फुल मेंबर टीमों के कप्तानों में भी सबसे आगे

अय्यर का रिकॉर्ड टेस्ट खेलने वाली यानी फुल मेंबर टीमों के कप्तानों के बीच भी खास है. इंग्लैंड के इयोन मोर्गन और बांग्लादेश के महमुदुल्लाह रियाद ने कप्तानी के शुरुआती 12 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 9-9 बार टॉस जीता था. अय्यर अब दोनों से आगे निकल चुके हैं। उनके खाते में 11 टॉस जीत हैं. वहीं एक ही बार उन्हें टॉस गंवाना पड़ा. यह हार जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में आई थी.


कप्तानी की शुरुआत में लगा था झटका

सूर्यकुमार यादव के भारतीय टीम से बाहर होने के बाद अय्यर को टी20 टीम की कमान मिली थी. शुरुआत में उनकी कप्तानी में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इन दोनों टीमों के खिलाफ भारत ने सात में से छह मैच गंवाए. इसके बाद अय्यर की टीम ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराकर वापसी की. अब अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है.