menu-icon
India Daily

IPL 2026: पीली जर्सी में सैमसन तो 'गुलाबी' हुए जड्डू! धोनी के बिना कैसी होगी CSK की प्लेइंग-11? मैच से पहले जानें सबकुछ

आईपीएल के तीसरे मैच में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा. सैमसन जो राजस्थान के लाडले थे, अब चेन्नई में दिखेंगे. वहीं जड़ेजा, जो चेन्नई की धड़कन थे, वो राजस्थान में...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: पीली जर्सी में सैमसन तो 'गुलाबी' हुए जड्डू! धोनी के बिना कैसी होगी CSK की प्लेइंग-11? मैच से पहले जानें सबकुछ
Courtesy: X

RR VS CSK: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज एक ऐसा महामुकाबला होने जा रहा है, जिसमें मैदान वही है, टीमें वही हैं, लेकिन खिलाड़ियों के रंग पूरी तरह बदल चुके हैं. गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी. पिछले सीजन में निचले पायदान पर रहने वाली इन दोनों टीमों ने नीलामी और ट्रेडिंग में कई बड़े फेरबदल किए हैं. रियान पराग अब राजस्थान की कप्तानी कर रहे हैं, तो वहीं चोट के बाद वापसी कर रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने चेन्नई की कमान फिर से संभाल ली है.

थाला धोनी नहीं होंगे शामिल

चेन्नई सुपर किंग्स के करोड़ों फैंस के लिए सबसे बड़ा झटका थाला एमएस धोनी की गैरमौजूदगी है. अपनी काल्फ की चोट के कारण धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों से बाहर हो गए हैं. आईपीएल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब चेन्नई की टीम धोनी या सुरेश रैना दोनों के बिना कोई मैच खेलेगी.

सैमसन के कंधों पर जिम्मेदारी

धोनी के न होने से CSK के नए खिलाड़ी संजू सैमसन की भूमिका बहुत अहम हो गई है। सैमसन अपनी ही पुरानी फ्रेंचाइजी के खिलाफ विकेटकीपिंग का जिम्मा संभालेंगे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे. वहीं, गायकवाड़ के पास अब धोनी की छाया से बाहर निकलकर खुद को एक स्वतंत्र और मजबूत कप्तान साबित करने का यह सबसे सुनहरा मौका होगा.

रॉयल बने रवींद्र जडेजा, रचेंगे इतिहास

इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रवींद्र जडेजा होंगे. सालों तक चेन्नई की धड़कन रहे जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स के कैंप में अपनी चमक बिखेर रहे हैं. 37 वर्षीय जडेजा एक बड़े ऐतिहासिक मुकाम की दहलीज पर खड़े हैं. वह टी-20 क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने से मात्र 15 रन दूर हैं। ऐसा करते ही वह हार्दिक पांड्या के बाद 4000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा करने वाले भारत के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर बन जाएंगे. दाएं हाथ के बल्लेबाजों से भरी CSK के खिलाफ जडेजा की स्पिन गेंदबाजी RR के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकती है.

बारिश का साया

गुवाहाटी में मैच से एक दिन पहले हुई बारिश ने पिच का मिजाज थोड़ा बदल दिया है, जिससे तेज गेंदबाजों को शुरुआती स्विंग मिल सकती है. राजस्थान के पास जोफ्रा आर्चर जैसा घातक गेंदबाज है, जिनका संजू सैमसन के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है. वहीं, चेन्नई की तरफ से युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर सबकी नजरें होंगी. यूपी के इस खिलाड़ी को पावरप्ले में कसी हुई गेंदबाजी और निचले क्रम में ताबड़तोड़ छक्के लगाने के लिए जाना जाता है.

RR VS CSK अनुमानित प्लेइंग XI

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिम्रोन हेटमायर, रवींद्र जड़ेजा, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा.

इम्पैक्ट सब: नांद्रे बर्गर/एडम मिल्ने

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद.

इम्पैक्ट सब: अंशुल कंबोज/गुरजापनीत सिंह