क्रिकेट से संन्यास के बाद भी बरकरार सचिन की बादशाहत, ब्रांड वैल्यू में दे रहे किंग कोहली को टक्कर
सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट से संन्यास लिए करीब 13 साल बाद भी ब्रांड की दुनिया में अपनी पकड़ बनाए रखी है. Kroll रैंकिंग में उनकी ब्रांड वैल्यू बढ़कर 125.9 मिलियन डॉलर हो गई है.
सचिन तेंदुलकर भले ही लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं, लेकिन विज्ञापन और कारोबार की दुनिया में उनका दबदबा अब भी बरकरार है. ताजा सेलिब्रिटी ब्रांड रैंकिंग में सचिन तेंदुलकर ने छलांग लगाई है. इसके साथ ही वह पांचवें से चौथे स्थान पर आ गए. खास बात यह है कि वह सूची में शामिल इकलौते रिटायर्ड स्पोर्ट्स पर्सन हैं.
इस रिपोर्ट के साथ यह पता चलता है कि सचिन की चमक अभी भी फीकी नहीं पड़ी है .रिटायरमेंट के इतने साल बाद भी तेंदुलकर फैंस के चहेते बने हुए हैं. ब्रांड रैंकिंग में सचिन की ब्रांड वैल्यू 12.2 फीसदी बढ़कर 125.9 मिलियन डॉलर पहुंच गई.
25 से ज्यादा ब्रांड्स के साथ सचिन का जुड़ाव
बता दें सचिन के एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो में एक साल के दौरान करीब 20 फीसदी की वृद्धि हुई है. वह 25 से ज्यादा ब्रांड्स से जुड़े हैं और सोशल मीडिया पर उनकी पहुंच करीब 125 मिलियन से ज्यादा लोगों तक बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी पहचान केवल क्रिकेट रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है. सालों से बना भरोसा और कई पीढ़ियों में लोकप्रियता आज भी उन्हें कंपनियों के लिए मजबूत चेहरा बनाती है.
Also Read
ग्लैमर से गांव तक पहुंचा सचिन का ब्रांड
सचिन की लोकप्रियता का इस्तेमाल प्रीमियम उत्पादों के साथ ग्रामीण बाजार में भी किया जा रहा है. कृषि क्षेत्र की कंपनी SML ने उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया है. कंपनी का नेटवर्क करीब 18,000 डीलर्स और 10 लाख से ज्यादा किसानों तक बताया गया है. कंपनी का मानना है कि सचिन की मौजूदगी से ग्रामीण ग्राहकों के बीच ब्रांड को लेकर उत्सुकता और पॉजिटिव माहौल बना है.
Apollo Tyres से भी पुराना रिश्ता
सचिन 2018 से Apollo Tyres के साथ जुड़े हैं. कंपनी उन्हें भारतीय पहचान और वैश्विक पहुंच वाले चेहरे के तौर पर देखती है. सचिन की गाड़ियों में दिलचस्पी भी इस साझेदारी का हिस्सा रही है. कुछ विज्ञापन शूट के दौरान उन्होंने खुद कार चलाकर हिस्सा लिया. उनके लंबे जुड़ाव से यह भी साफ होता है कि कंपनियों के लिए सचिन की विश्वसनीय छवि आज भी काफी अहम है.
एंडोर्समेंट के साथ कारोबार में भी सक्रिय
रिटायरमेंट के बाद सचिन ने निवेश की दुनिया में भी कदम बढ़ाया. Zepto, Spinny और Truzon Solar जैसे कारोबारों में उनकी हिस्सेदारी या भागीदारी रही है. Ten X You के साथ उनकी भूमिका और ज्यादा सक्रिय है, जहां वह बड़े शेयरहोल्डर हैं और उत्पादों पर अपनी राय भी देते हैं. क्रिकेट के अलावा कारोबार में उनकी दिलचस्पी ने उनके ब्रांड को एक अलग पहचान दी है. Band-Aid से शुरू हुआ सफर आज भी जारी है.