‘Non-Committal...’ टी-शर्ट में नजर आए Rohit Sharma, क्या अजीत अगरकर पर साधा निशाना?

इस समय Rohit Sharma की ‘Non-Committal?’ टी-शर्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. फैंस इसे अजीत अगरकर के पुराने बयान से जोड़ रहे हैं, जिसमें रोहित को 2027 वर्ल्ड कप के लिए नॉन-कमिटल बताया गया था.

X (@ARJUNkaPANT) & ANI
Meenu Singh

हिटमैन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हुई है. इसी बीच टीवी शो की शूटिंग के दौरान उनकी पहनी हुई टी-शर्ट ने नई बहस छेड़ दी है. रोहित जल्द ही ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में होस्ट की भूमिका में दिखाई देंगे. शो के एक प्रोमो में वह ‘Non-Committal?’ लिखी टी-शर्ट पहने नजर आए.

इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) के उस बयान से जोड़ना शुरू कर दिया, जिसमें रोहित और विराट कोहली को लेकर सवाल उठे थे.

‘Non-Committal’ टी-शर्ट खींचा फैंस का ध्यान

Sony LIV की ओर से शेयर किए गए प्रोमो में रोहित अपने नए शो को लेकर बात करते दिखे. वीडियो में फैंस का ध्यान रोहित से ज्यादा उनकी पहनी हुई टी-शर्ट पर गया.  उस पर ‘Non-Committal?’ लिखा हुआ था. इसके सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कई फैंस का मानना है कि टी-शर्ट के जरिए रोहित ने बिना किसी का नाम लिए अजीत अगकर पर हमला किया है. 


19 सितंबर से शुरू होगा रोहित का शो

रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के साथ टीवी पर भी नई भूमिका में नजर आने वाले हैं. उनका शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ 19 सितंबर से Sony चैनल पर शुरू होगा. शो की शूटिंग पहले से चल रही है और इससे जुड़े प्रोमो भी सामने आ रहे हैं. इसी शूटिंग के दौरान रोहित की ‘Non-Committal?’ टी-शर्ट कैमरे में कैद हुई, जिसने उनके क्रिकेट करियर से जुड़ी बहस को फिर चर्चा में ला दिया.

क्या था अजित अगरकर का बयान?

दरअसल, मामला पिछले साल अक्टूबर का है, जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ था और शुभमन गिल को कप्तानी दी गई थी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2027 वर्ल्ड कप को लेकर रोहित और विराट से जुड़ा सवाल पूछा गया. इस पर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने दोनों खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप के लिए ‘नॉन-कमिटल’ बताया था. बयान के बाद काफी चर्चा हुई थी.

रोहित-विराट खेलना चाहते हैं वर्ल्ड कप

रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों पहले 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं. ऐसे में अगरकर का बयान फैंस के बीच सवाल खड़े करने वाला रहा. अब रोहित की टी-शर्ट सामने आने के बाद उसी मुद्दे को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं. हालांकि, रोहित ने इस टी-शर्ट के जरिए वास्तव में क्या संदेश दिया, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.