MI VS LSG: आईपीएल 2026 के 47वें मैच में मुंबई इंडियंस ने शानदार वापसी करते हुए अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है. सोमवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई ने लखनऊ सुपर जायंट्स के 229 रनों के विशाल लक्ष्य को 18.4 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया. वहीं लगातार छठी हार के बाद ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम पॉइंट्स टेबल में दसवें नंबर पर मौजूद है.
लखनऊ के 229 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने मजबूत शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रनों की शानदार साझेदारी निभाई. रिकेल्टन ने सिर्फ 32 गेंदों का सामना करते हुए आठ छक्कों और छह चौकों की मदद से 83 रनों की पारी खेली. वहीं पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपनी पुरानी लय दिखाते हुए 44 गेंदों में 84 रन जड़ दिए. रोहित की इस लाजवाब पारी में सात छक्के और छह चौके शामिल थे.
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिश 15 रन बनाकर जल्द ही पवेलियन लौट गए. इसके बाद मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने मोर्चा संभाला और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. इन दोनों खिलाड़ियों ने महज 34 गेंदों में 94 रनों की साझेदारी पूरी की. निकोलस पूरन ने आक्रामक रुख अपनाया और 21 गेंदों में 8 छक्कों की मदद से 63 रन ठोक डाले. मार्श ने भी 25 गेंदों में 44 रनों का अहम योगदान दिया, जिससे टीम एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ गई.
लखनऊ का मिडल ऑर्डर बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर सका. टीम के कप्तान ऋषभ पंत 15 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने और अपना पहला मैच खेल रहे अक्षर रघुवंशी भी सस्ते में आउट होकर वापस चले गए. आधी टीम के 160 के स्कोर पर पवेलियन लौटने के बाद एडेन मार्करम और हिम्मत सिंह ने पारी को संभाला. दोनों ने छठे विकेट के लिए 68 रन जोड़े. एक समय लग रहा था कि लखनऊ 250 का आंकड़ा पार कर लेगी. मुंबई के गेंदबाजों ने आखिरी तीन ओवरों में जबरदस्त वापसी करते हुए सिर्फ 22 रन दिए.
रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन के आउट होने के बाद मुंबई इंडियंस की पारी थोड़ी धीमी जरूर हुई. मणिमारन सिद्धार्थ और मोहम्मद शमी ने तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के अहम विकेट झटके. युवा बल्लेबाज नमन धीर और विल जैक्स ने दबाव को सोखते हुए अपनी टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया. नमन धीर 12 गेंदों में 23 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे. वहीं जैक्स ने 4 गेंदों में 10 रन बनाए और एक विजयी छक्का जड़कर मैच समाप्त किया. इस शानदार जीत के बाद मुंबई अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं.