Asian Games 2026: रोहन बोपन्ना ने टेनिस चयन पर उठाए सवाल, पूछा- क्वालिफिकेशन क्यों रखा?
रोहन बोपन्ना ने Asian Games 2026 के लिए भारतीय टेनिस टीम के चयन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सहजा यमलापल्ली, वैष्णवी अडकर समेत पांच खिलाड़ियों को हटाने के फैसले पर आपत्ति जताई.
दो बार एशियन गेम्स गोल्ड जीत चुके रोहन बोपन्ना ने Asian Games 2026 के लिए टेनिस टीम के चयन पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर अपनी रैंकिंग बनाने वाले खिलाड़ियों को जापान में खेलने का मौका मिलना चाहिए था. बोपन्ना ने चयन प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए.
बोपन्ना ने चयन नियम पर उठाया बड़ा सवाल
रोहन बोपन्ना ने कहा कि पांच ऐसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करके अपनी जगह बनाई थी. इनमें सहजा यमलापल्ली, वैष्णवी अडकर, मानस धामने, प्रार्थना थोम्बरे और वैदेही चौधरी शामिल हैं. बोपन्ना के मुताबिक, इन खिलाड़ियों ने मेहनत के दम पर रैंकिंग हासिल की और किसी शॉर्टकट का सहारा नहीं लिया. उन्होंने सवाल किया कि अगर पहले से तय है कि कौन खेल सकता है और कौन नहीं, तो फिर क्वालिफिकेशन और रैंकिंग का क्या मतलब है? बोपन्ना ने कहा कि खिलाड़ियों को कोर्ट पर उतरकर अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलना चाहिए, न कि पहले से उनके पदक जीतने की संभावना के आधार पर फैसला होना चाहिए.
पांच खिलाड़ियों के चयन से बाहर होने पर नाराजगी
बोपन्ना ने कहा कि चयन का असर सिर्फ इन पांच खिलाड़ियों पर नहीं पड़ता, बल्कि उनके परिवारों और स्पॉन्सर्स पर भी पड़ता है. उन्होंने कहा कि कई माता-पिता और स्पॉन्सर्स ने खिलाड़ियों की मेहनत और नतीजों पर भरोसा करके उनका साथ दिया है. ऐसे में बिना कोर्ट पर प्रदर्शन का मौका दिए किसी खिलाड़ी को पदक का दावेदार नहीं मानना सही नहीं है. बोपन्ना का मानना है कि खेल में कई बार कम आंके गए खिलाड़ी ही बड़ा प्रदर्शन कर देते हैं. उन्होंने चयन प्रक्रिया में सिर्फ आंकड़ों पर निर्भर रहने के बजाय खिलाड़ियों को वास्तविक मुकाबले में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देने की बात कही. उनके अनुसार, खेल का फैसला कोर्ट पर होना चाहिए.
Also Read
एशियन गेम्स के लिए कैसी है भारत की टेनिस टीम?
एशियन गेम्स के लिए भारत की अंतिम टेनिस टीम में पुरुष और महिला वर्ग में तीन-तीन सिंगल्स खिलाड़ी चुने गए हैं. पुरुष सिंगल्स में सुमित नागल, मानस धामने और दक्षिणेश्वर सुरेश हैं. वहीं डबल्स में युकी भांबरी, एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर शामिल हैं. महिला सिंगल्स में सहजा यमलापल्ली, वैष्णवी अडकर और वैदेही चौधरी को जगह मिली है. महिला डबल्स में ऋतुजा भोसले, प्रार्थना थोम्बरे और अंकिता रैना चुनी गई हैं. पुरुषों के तीन और महिलाओं के दो रिजर्व खिलाड़ी भी रखे गए हैं. आइची-नागोया एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होंगे. टेनिस में भारत के नाम 34 एशियन गेम्स पदक हैं, जिनमें 10 गोल्ड शामिल हैं.