'उत्तराखंड लौटना चाहता हूं...' ऋषभ पंत का CM धामी से लगाई मदद की गुहार, 3 साल से अधूरा है सपना
भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बनाने की इच्छा जताई है. उन्होंने इसके लिए राज्य के CM पुष्कर सिंह धामी से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद की गुहार लगाई है.
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों श्रीलंका दौरे में व्यस्त हैं, लेकिन उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को टैग कर उनसे मदद की गुहार लगाई है. पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित करते हुए राज्य में जमीन खरीदकर घर बनाने की इच्छा जाहिर की है. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से दिल्ली से उत्तराखंड अपना आधार शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन जमीन खरीदने की प्रक्रिया में लगातार मुश्किलें आ रही हैं. पंत ने सरकार से रास्ता आसान करने की अपील की है.
पंत ने मांगी मुख्यमंत्री से मदद
टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए अपनी परेशानी साझा की. उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपना घर बनाना चाहते हैं. पंत के मुताबिक, वह करीब तीन साल से इस प्लान को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है.
Also Read
जमीन खरीदने में आ रही दिक्कत
क्रिकेटर ने बताया कि उन्हें ऐसी उपयुक्त और सुविधाजनक जगह नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें. उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया में स्पष्टता और सहयोग की जरूरत बताई. पंत ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस मामले को देखा जाए, ताकि वह आगे की प्रक्रिया समझकर इसे पूरा कर सकें.
सरकारी दर पर जमीन लेने को तैयार
पंत ने सरकार के सामने एक विकल्प भी रखा. उन्होंने कहा कि अगर नियमों के तहत उन्हें सरकारी जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है, तो वह निर्धारित सरकारी दर पर उसे खरीदने के लिए तैयार हैं. उन्होंने इसे उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाने और राज्य से अपने रिश्ते को और मजबूत करने का अवसर बताया. साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें सीएम के जवाब का इंतजार रहेगा.