menu-icon
India Daily

रिंकू सिंह ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, टी20 वर्ल्ड कप छोड़कर आए, अलीगढ़ में हुआ अंतिम संस्कार

टी20 विश्व कप मैच के कुछ घंटे बाद रिंकू सिंह अपने पिता खंचंद सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए. उनके पिता का निधन लिवर कैंसर से हुआ, जिससे क्रिकेट जगत में शोक की लहर है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
रिंकू सिंह ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, टी20 वर्ल्ड कप छोड़कर आए, अलीगढ़ में हुआ अंतिम संस्कार
Courtesy: social media

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए यह सप्ताह बेहद भावनात्मक रहा. एक ओर वह टी20 विश्व कप के अहम मुकाबलों में टीम इंडिया का हिस्सा थे, वहीं दूसरी ओर उनके पिता खंचंद सिंह गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. शुक्रवार सुबह ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में उनके पिता ने अंतिम सांस ली. मैच के कुछ ही घंटों बाद रिंकू अपने घर पहुंचे और परिवार के बीच रहकर पिता को अंतिम विदाई दी.

पिता के निधन से शोक की लहर

खंचंद सिंह लंबे समय से चौथे चरण के लिवर कैंसर से पीड़ित थे. उनका इलाज ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चल रहा था, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई. शुक्रवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही क्रिकेट जगत में शोक फैल गया. रिंकू अपने पिता के बेहद करीब माने जाते थे और कई मौकों पर उन्होंने परिवार के संघर्षों का जिक्र किया था.

यहां देखें वीडियो

मैच के बाद तुरंत लौटे घर

गुरुवार को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का मुकाबला था. रिंकू टीम के साथ मौजूद थे, हालांकि वह अंतिम एकादश में शामिल नहीं किए गए. मैच खत्म होते ही वह घर के लिए रवाना हो गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह पिता की अर्थी को कंधा देते नजर आए. उनके चेहरे पर गहरा दुख साफ झलक रहा था.

पहले भी परिवार के पास पहुंचे थे

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले के बाद रिंकू पिता की बिगड़ती हालत की खबर सुनकर घर लौटे थे. परिवार से मिलने के बाद वह दोबारा चेन्नई पहुंच गए थे, ताकि टीम से जुड़ सकें. जिम्बाब्वे मैच में हालांकि टीम प्रबंधन ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को ओपनिंग का मौका दिया.

आगे का कार्यक्रम और प्रदर्शन

विश्व कप में रिंकू का प्रदर्शन अब तक साधारण रहा है. उन्हें ज्यादातर आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी का मौका मिला. पांच पारियों में उन्होंने 24 रन बनाए हैं. इस साल दस टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 115 रन हैं. अब भारतीय टीम कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी सुपर 8 मैच खेलेगी, जहां से सेमीफाइनल की राह तय होगी.