रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, इस दिन लखनऊ में लेंगे सात फेरे
क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है. दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेंगे. परिवार तैयारियों में जुट गया है.
नई दिल्ली: क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों की शादी की तारीख और जगह तय हो गई है. रिंकू और प्रिया 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेंगे. शादी समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों के अलावा कुछ खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना है. करीब 15 महीने पहले दोनों की लखनऊ में निजी समारोह के दौरान रिंग सेरेमनी हुई थी.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी. तारीख और स्थान तय होने के बाद दोनों परिवार तैयारियों में जुट गए हैं. समारोह को निजी रखने की तैयारी है, जिसमें परिवार और करीबी लोगों के साथ क्रिकेट तथा राजनीति से जुड़े कुछ खास मेहमान भी पहुंच सकते हैं.
जून 2025 में हुई थी रिंग सेरेमनी
रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी. इस कार्यक्रम में दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी लोग मौजूद थे. सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी. अब दिसंबर में होने वाली शादी के साथ रिश्ते का अगला पड़ाव तय हो गया है.
Also Read
प्रिया सरोज हैं मछलीशहर से सांसद
प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं. उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव जीतकर संसद में जगह बनाई थी. उस समय वह देश की सबसे कम उम्र की सांसदों में शामिल थीं. प्रिया का परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा है. उनके पिता तूफानी सरोज केराकात विधानसभा सीट से सपा विधायक हैं और तीन बार सांसद रह चुके हैं.
रिंकू ने क्रिकेट में बनाई पहचान
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं. खासकर टी20 क्रिकेट में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. कई मौकों पर उन्होंने मुश्किल स्थिति में तेज पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई है. हालांकि मौजूदा समय में वह अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं. इससे पहले उनका चयन जिम्बाब्वे दौरे के लिए हुआ था.
करीब तीन साल से रिश्ते की चर्चा
रिंकू और प्रिया के रिश्ते की चर्चा सार्वजनिक होने के बाद दोनों की सगाई ने इस रिश्ते को आधिकारिक रूप से सामने ला दिया था. सगाई के दौरान दोनों ने बताया था कि उन्हें इस खास पल का करीब तीन साल से इंतजार था. अब 4 दिसंबर की तारीख तय होने के बाद क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस चर्चित रिश्ते की शादी पर मुहर लग गई है. लखनऊ में होने वाले समारोह की तैयारियां परिवारों ने शुरू कर दी हैं.