इंडिया के बाद क्या इंग्लैंड के हेड कोच बनेंगे राहुल द्रविड? रेस में इन दिग्गजों के नाम भी शामिल

इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से ब्रेंडन मैकुलम के हटने की घोषणा के बाद नया कोच चुनने की प्रक्रिया तेज हो गई है. रिपोर्टों में राहुल द्रविड़ को संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है.

ANI
Meenu Singh

इंग्लैंड क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी है कि ब्रेंडन मैकुलम तत्काल प्रभाव से टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हट रहे हैं.

हाल के महीनों में टेस्ट क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठे थे और अब नए कोच की तलाश शुरू हो गई है. इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ का नाम संभावित उम्मीदवारों में सामने आने से क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है.

मैकुलम के कार्यकाल का अंत

ब्रेंडन मैकुलम ने इंग्लैंड टेस्ट टीम में आक्रामक सोच और तेज खेल को बढ़ावा दिया था, जिसे बैजबॉल के नाम से पहचान मिली. उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने कई यादगार जीत दर्ज कीं, लेकिन हाल के निराशाजनक परिणामों के बाद बदलाव की चर्चा तेज हो गई. अब उनके हटने के साथ इंग्लैंड क्रिकेट एक नए दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है.


राहुल द्रविड़ बने चर्चा का केंद्र

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल द्रविड़ को इंग्लैंड टेस्ट टीम के संभावित कोचों की सूची में शामिल बताया जा रहा है. एंडी फ्लावर और रिचर्ड डॉसन जैसे अनुभवी नाम भी इस सूची में बताए जा रहे हैं. इतना ही नहीं इस सूची में भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का नाम भी बताया जा रहा है. 

हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि द्रविड़ फिलहाल पूर्णकालिक कोचिंग भूमिका में लौटने के इच्छुक नहीं हैं, लेकिन इंग्लैंड का प्रस्ताव उनके लिए दिलचस्प विकल्प हो सकता है.

मैकुलम ने क्या कहा

पद छोड़ने की पुष्टि के बाद मैकुलम ने कहा कि इंग्लैंड टेस्ट टीम को कोचिंग देना उनके करियर के सबसे सम्मानजनक अनुभवों में रहा. उन्होंने टीम के साथ हासिल उपलब्धियों पर गर्व जताया और कहा कि परिस्थितियों के बावजूद वह इंग्लैंड क्रिकेट की प्रगति की कामना करते रहेंगे. उनके बयान को खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने सकारात्मक रूप में लिया.

ECB ने जताया आभार

ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा कि मैकुलम ने इंग्लैंड टेस्ट टीम में नई ऊर्जा भरी और टीम को रोमांचक क्रिकेट खेलने की पहचान दी. बोर्ड ने उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और संकेत दिया कि नए मुख्य कोच की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी. अब सबकी नजर इस बात पर है कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान अंततः किसे मिलती है.