RCB vs MI Match: अंपायर की बात टालना टिम डेविड को पड़ा महंगा, कप्तान हार्दिक पर भी लगा लाखों का जुर्माना

बेंगलुरु ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 18 रनों से मात दी, लेकिन मैच के बाद आचार संहिता के उल्लंघन के चलते टिम डेविड और कप्तान हार्दिक पांड्या पर भारी जुर्माना लगाया गया है.

X
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: आईपीएल के मौजूदा सीजन में रविवार का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए रनों का सैलाब लेकर आया, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 18 रनों की शानदार जीत दर्ज की. हालांकि, इस हाई-स्कोरिंग मैच की चमक उस वक्त कुछ फीकी पड़ गई जब आईपीएल कमेटी ने अनुशासनहीनता के लिए खिलाड़ियों पर कड़े कदम उठाए. बेंगलुरु के आतिशी खेल के बीच मुंबई के दो बड़े खिलाड़ियों, टिम डेविड और कप्तान हार्दिक पांड्या को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है

मैच रेफरी ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उन्हें एक 'डिमेरिट पॉइंट' भी दिया गया है. डेविड को लेवल 1 के अपराध के तहत अंपायरों के फैसलों के प्रति असहमति जताने का दोषी पाया गया. धारा 2.4 के उल्लंघन के तहत, डेविड ने आरसीबी की पारी के दौरान दो बार अंपायरों के गेंद वापस करने के निर्देशों की अनदेखी की. डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है. दूसरी ओर, मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या पर 'स्लो ओवर-रेट' बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का दंड लगाया गया है.

सॉल्ट, कोहली और पाटीदार: आरसीबी का प्रचंड प्रहार 

आरसीबी के शीर्ष क्रम ने बल्लेबाजी में जो आक्रामकता दिखाई, वह काबिले तारीफ थी. सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने महज 36 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को रॉकेट जैसी शुरुआत दी. उनका साथ निभाते हुए अनुभवी विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए और पहले विकेट के लिए 120 रनों की ठोस साझेदारी की. अंतिम ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन कूटकर स्कोर को 4 विकेट पर 240 रनों के विशाल लक्ष्य तक पहुंचा दिया.

मुंबई का पलटवार और रदरफोर्ड की मेहनत 

241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने हार नहीं मानी. शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में नाबाद 71 रनों की आतिशी पारी खेलकर आरसीबी के खेमे में हलचल पैदा कर दी थी. रयान रिकेल्टन (37), सूर्यकुमार यादव (33) और हार्दिक पांड्या (40) ने भी उपयोगी योगदान दिया, लेकिन जीत का अंतर कम नहीं कर सके. मुंबई को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण 19 रन पर ही 'रिटायर्ड हर्ट' होकर वापस लौट गए.