Budget 2026

बेंगलुरु भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों को मिलेगी 25 लाख की मदद, RCB ने किया बड़ा ऐलान

Bengaluru Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 में खिताब अपने नाम किया था और इसके बाद बेंगलुरु में विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था. इस दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी और अब उनके लिए RCB ने 25 लाख रूपए की मदद देने का ऐलान किया है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Bengaluru Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 में अपना पहला खिताब अपने नाम किया था. ऐसे में फैंस में भारी उत्साह था और इसके लिए 4 जून को एक विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था, जिसमें फैंस भारी संख्या में आए और इस दौरान भगदड़ मच गई.

इस भगदड़ में 11 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी और इसके बाद बेंगलुरु ने लगभग तीन महीने तक अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई भी पोस्ट नहीं किया था. तो वहीं उन्होंने इस सूखे को समाप्त करते हुए RCB CARES की शुरुआत करते हुए जानकारी दी थी. ऐसे में अब उसी के तहत बेंगलुरु ने जान गंवाने वाले फैंस को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.

25 लाख रुपये की मदद देगी RCB

RCB ने अपने आधिकारिक बयान में घोषणा की है कि भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. यह राशि न केवल आर्थिक मदद के रूप में दी जा रही है बल्कि यह RCB की ओर से संवेदना, एकजुटता और निरंतर समर्थन का प्रतीक है. इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों को कुछ हद तक सहारा देना है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया.

RCB CARES (केयर्स) की शुरुआत

इस दुखद घटना के बाद RCB ने एक नई पहल शुरू करने की घोषणा की है, जिसका नाम है RCB CARES. यह पहल उन लोगों की याद में शुरू की गई है, जो इस हादसे का शिकार हुए. RCB ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और भविष्य में इस पहल के तहत कई सार्थक कदम उठाए जाएंगे. RCB CARES का लक्ष्य प्रशंसकों की भावनाओं और अपेक्षाओं को सम्मान देना है. जल्द ही इस पहल से जुड़ी और जानकारी साझा की जाएगी.

बेंगलुरु ने जताया गहरा दुख

4 जून, 2025 को हुई इस त्रासदी ने न केवल बेंगलुरु बल्कि पूरे RCB समुदाय को गहरा दुख पहुंचाया. RCB ने अपने बयान में कहा कि ये 11 लोग न केवल प्रशंसक थे बल्कि वे उस भावना का हिस्सा थे, जो इस शहर और इस टीम को खास बनाती है. उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. RCB ने यह स्पष्ट किया है कि यह आर्थिक सहायता केवल एक शुरुआत है. RCB CARES के तहत भविष्य में और भी कई कदम उठाए जाएंगे, जो प्रशंसकों और समुदाय के लिए समर्पित होंगे.