T20 World Cup 2026

रणजी फाइनल में बवाल, स्लेजिंग से भड़के जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा, वीडियो में देखें कर्नाटक के खिलाड़ी को सिर से मारी जबरदस्त टक्कर

रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के दौरान जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा और कर्नाटक के खिलाड़ी केवी अनीश के बीच तीखी झड़प हुई. स्लेजिंग से नाराज डोगरा ने अपना आपा खोकर अनीश को सिर से टक्कर मार दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

X/@NihariVsKorma
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय घरेलू क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 'रणजी ट्रॉफी' अपने अंतिम चरण में है, लेकिन फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने खेल भावना को तार-तार कर दिया. जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में अनुशासन की धज्जियां उड़ती दिखीं, जब जम्मू-कश्मीर के अनुभवी कप्तान पारस डोगरा ने मैदान पर अपना आपा खो दिया और कर्नाटक के फील्डर केवी अनीश के साथ शारीरिक अभद्रता कर बैठे.

यह पूरी घटना जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर के दौरान घटी. उस समय कर्नाटक की ओर से तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा आक्रमण पर थे. ओवर की चौथी गेंद पर पारस डोगरा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद किस्मत के सहारे बाउंड्री के पार चली गई. इस जीवनदान के बाद डोगरा पिच के बीचों-बीच अपने साथी खिलाड़ी कन्हैया वधावन के साथ बातचीत कर रहे थे.

स्लेजिंग और कप्तान का गुस्सा 

इसी दौरान शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे कर्नाटक के सब्सीट्यूट खिलाड़ी केवी अनीश ने डोगरा को स्लेज करना शुरू कर दिया. अनीश की टिप्पणियों ने अनुभवी कप्तान को इस कदर उकसाया कि वे अपना संयम खो बैठे. डोगरा तेजी से अनीश की ओर बढ़े और उनके पास जाकर अपने सिर से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया. अचानक हुई इस शारीरिक टक्कर से मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और अंपायर सन्न रह गए.

मयंक अग्रवाल का बीच-बचाव और माफीनामा 

मामले को बिगड़ता देख कर्नाटक के कप्तान और सीनियर खिलाड़ी मयंक अग्रवाल तुरंत हरकत में आए. उन्होंने बीच-बचाव करते हुए दोनों खिलाड़ियों को एक-दूसरे से दूर किया और माहौल को शांत कराने की कोशिश की. घटना के कुछ ही देर बाद पारस डोगरा को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने खेल भावना दिखाते हुए केवी अनीश से माफी मांग ली. हालांकि, अनीश इस माफी से बहुत संतुष्ट नजर नहीं आए और उनके चेहरे पर नाराजगी साफ देखी जा सकती थी. बाद में अंपायरों को भी कर्नाटक के खिलाड़ियों को समझाते हुए देखा गया. यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है.