menu-icon
India Daily

PBKS vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने रोका पंजाब का विजय रथ, 223 रनों का विशाल लक्ष्य चेज कर थमाई सीजन की पहली हार

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 40वें मुकाबले में मंगलवार को एक जबरदस्त हाई-स्कोरिंग थ्रिलर देखने को मिला. न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स ने शानदार रन-चेज करते हुए पंजाब किंग्स के अजेय रथ को रोक दिया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
PBKS vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने रोका पंजाब का विजय रथ, 223 रनों का विशाल लक्ष्य चेज कर थमाई सीजन की पहली हार
Courtesy: X

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 40वें मुकाबले में मंगलवार को एक जबरदस्त हाई-स्कोरिंग थ्रिलर देखने को मिला. न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स ने शानदार रन-चेज करते हुए पंजाब किंग्स के अजेय रथ को रोक दिया है. यशस्वी जायसवाल, डोनोवन फरेरा और वैभव की आतिशी पारियों के दम पर राजस्थान ने 223 रनों के विशाल लक्ष्य को आखिरी ओवर में हासिल कर लिया और पंजाब को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी. इस सीजन में लगातार जीतती आ रही पंजाब किंग्स की यह पहली हार है.

स्टोइनिस और प्रभसिमरन ने संभाली पंजाब की पारी

मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब की शुरुआत प्रियांश आर्य ने बेहद तेज की. उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 29 रन कूट दिए, लेकिन तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर ने उन्हें पवेलियन भेजकर पहला झटका दिया. इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनली ने पारी को संभाला और पावरप्ले में टीम का स्कोर 65/1 तक पहुंचा दिया.

प्रभसिमरन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 44 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए. श्रेयस अय्यर कुछ खास कमाल नहीं कर सके, लेकिन अंत के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने तबाही मचा दी. स्टोइनिस ने महज 20 गेंदों में ताबड़तोड़ फिफ्टी जड़ी, जिसकी बदौलत पंजाब ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया.

वैभव-यशस्वी ने लिखी राजस्थान की जीत की स्क्रिप्ट

223 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को वैभव ने विस्फोटक शुरुआत दी. उन्होंने क्रीज पर आते ही चौके-छक्कों की बारिश कर दी और महज 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 5 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके शामिल थे. चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह ने उनका विकेट जरूर लिया, लेकिन तब तक मोमेंटम राजस्थान की तरफ मुड़ चुका था.

यशस्वी जायसवाल ने मोर्चा संभाला

इसके बाद युवा स्टार यशस्वी जायसवाल ने मोर्चा संभाला और 27 गेंदों में 51 रनों की बेहतरीन और तेज-तर्रार पारी खेली. मध्यक्रम में रियान पराग और डोनोवन फरेरा ने भी अहम योगदान देकर रन रेट को गिरने नहीं दिया. अंत में शुभम दुबे की आतिशी फिनिशिंग के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इस बड़े लक्ष्य को आखिरी ओवर में 4 विकेट खोकर सफलतापूर्वक हासिल कर लिया.

Topics