IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

कप्तानी मिलते ही पृथ्वी शॉ को याद आई 'शक्ति' , ठोक डाली तूफानी फिफ्टी

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल की बल्लेबाजी की. उन्होंने कप्तानी मिलते ही अर्धशतक जड़ा और टीम को जीत दिलाई.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को बहुत ही कम समय में काफी प्रसिद्धि मिली. उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप में जीत दिलाई थी. इसके बाद उन्हें बहुत जल्द टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने का मिला. उन्होंने डेब्यू पर शतकीय पारी खेली थी और सनसनी मचा दी थी.

हालांकि, कुछ समय बाद शॉ को लेकर तमाम तरह की खबरें सामने आने लगीं. उन्हें टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिया गया और फिर आईपीएल में भी कोई खरीददार नहीं मिला. हालांकि, अब वे सभी विवादों को छोड़कर फॉर्म में वापसी कर रहे हैं. इसी कड़ी में शॉ ने कमाल का अर्धशतक ठोका है.

पृथ्वी शॉ को मिली कप्तानी

दरअसल, शॉ अब घरेलू क्रिकेट में मुंबई की बजाय महाराष्ट्र के लिए खेलते हैं. महाराष्ट्र की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है लेकिन वे इस समय टीम इंडिया का हिस्सा हैं और भारतीय टीम के साथ साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे मैचों के लिए जुड़े हुए हैं.

गायकवाड़ के जाने से शॉ को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम की कमान सौंपी गई है. उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ कप्तानी की और टीम को जीत दिलाई. इसके अलावा बल्ले से भी कमाल कर दिखाया.

शॉ ने बल्ले से मचाया धमाल

शॉ ने हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बेहतरीन पारी खेली. उन्होंने 36 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के निकले. इस दौरान शॉ का स्ट्राइक रेट भी 183.33 का रहा.

महाराष्ट्र बनाम हैदराबाद मुकाबले का हाल

इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए. हैदराबाद के लिए मिलिंद ने 20 गेंदों पर सबसे अधिक 35 रनों की पारी खेली. तो वहीं महाराष्ट्र के लिए जलज सक्सेना ने सबसे अधिक 2 विकेट अपने नाम किए.

महाराष्ट्र ने 192 रनों के विशाल स्कोर का पीछा किया. इस दौरान उनके सलामी बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े. इसी के साथ महाराष्ट्र ने लक्ष्य को 18.4 ओवरों में हासिल कर लिया और 8 विकेट से मुकाबले को अपने नाम कर लिया.