'IPL के बीच लाल गेंद से प्रैक्टिस करता था...' मानव सुथार ने खोला अपनी सफलता का राज, डेब्यू मैच में दुश्मन टीम को चटाई धूल

मुल्लनपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में युवा स्पिनर मानव सुथार ने कुछ ऐसा खेल दिखाया जिसे भूल पाना फैंस के लिए मुमकिन नहीं है. उन्होंने अपने ही मैच में धमाल मचाते हुए 7 विकेट चटकाए.

X (@BCCI)
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कमी नहीं है. अलग-अलग समय में कई ऐसे खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं जिनका चेहरा पहली बार में ही फैंस के जहन में बस जाता है. उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं मानव सुथार, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही इतिहास रच दिया.

मुल्लनपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में युवा स्पिनर मानव सुथार ने कुछ ऐसा खेल दिखाया जिसे भूल पाना फैंस के लिए मुमकिन नहीं है. उन्होंने अपने ही मैच में धमाल मचाते हुए 7 विकेट चटकाए. उनके इस प्रदर्शन ने सबको उनकी गेंदबाजी का मुरीद बना दिया है. 

6 विकेट लेकर रचा इतिहास

मानव सुथार ने पहली पारी में 22 ओवर गेंदबाजी करते हुए मात्र 33 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए. डेब्यू मैच में इस तरह का प्रदर्शन बहुत दुर्लभ होता है. दूसरी पारी में भी उन्होंने एक विकेट लिया और अपनी उपयोगिता साबित की. मैच के बाद उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (POTM) का पुरस्कार दिया गया.


पिच को पढ़ा और मौका भुनाया

मानव सुथार ने अब अपने इस प्रदर्शन के बाद बताया कि उन्होंने पिच की प्रकृति को शुरुआत में ही भांप लिया था. उनके अनुसार जब वे बल्लेबाजी कर रहे थे तब गेंद रुक रही थी, जिससे ये साफ था कि यहां पर स्पिनर्स को मदद मिलेगी. फिर क्या था जब वह गेंदबाजी के लिए आए तो पहला ओवर फेंकते ही गेंद टर्न होने लगी और उन्होंने अपनी पसंदीदा गेंदें अधिक से अधिक डालने की रणनीति अपनाई.

IPL के दौरान भी लाल गेंद से अभ्यास

सुथार ने आगे बताया कि टीम में चयन की खबर आते ही वे IPL के बीच भी लाल गेंद से अभ्यास करते रहे. मुल्लनपुर पहुंचने के बाद उन्होंने तीन से चार लंबे अभ्यास सत्र किए और खुद को टेस्ट क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार किया. उनकी ये लगन और समर्पण ही उनकी सफलता की असली वजह है.

भारत ने 300 रनों से दर्ज की जीत

अंत में बता दें कि भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 568 रन बनाए थे.  जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम केवल 152 रन बनाकर ढेर हो गई. इसके बाद मेहमान टीम फॉलो ऑन जारी रखा. हालांकि, उसके बाद भी टीम जीत नहीं पाई और भारत ने मैच को एक पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से जीतकर लिया.