menu-icon
India Daily

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को 2-0 से रौंदकर जीता नेशंस कप; पीएम मोदी ने थपथपाई पीठ

भारतीय महिला हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर FIH हॉकी महिला नेशंस कप जीत लिया. इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को 2-0 से रौंदकर जीता नेशंस कप; पीएम मोदी ने थपथपाई पीठ
Courtesy: X

ऑकलैंड में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर FIH हॉकी महिला नेशंस कप का खिताब अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत पर देशभर में खुशी का माहौल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को दिल से बधाई दी.

फाइनल में दिखा भारत का दमदार खेल

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा. चौथे मिनट में नवनीत कौर ने गोल करके भारत को बढ़त दिलाई और इसके बाद 15वें मिनट में सुनीलिता टोप्पो ने एक और गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया. इसके बाद टीम ने अपनी मज़बूत डिफेंस के दम पर न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम एक भी मैच नहीं हारी, जो उसके बेहतरीन तालमेल और तैयारी का सबूत है. फाइनल में लालरेम्सियामी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

पूरे टूर्नामेंट में रहा भारत का जलवा

भारत ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत भी बड़े आत्मविश्वास से की थी. पूल ए में टीम ने अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराया. सेमीफाइनल में तो भारतीय टीम ने चिली को 6-0 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. दीपिका ने पूरे टूर्नामेंट में छह गोल करके संयुक्त रूप से टॉप स्कोरर का खिताब हासिल किया, यह सम्मान उन्होंने अमेरिका की एशले सेसा के साथ साझा किया. यह भारत का दूसरा नेशंस कप खिताब है, इससे पहले 2022 में भारत ने पहली बार यह ट्रॉफी जीती थी.

पीएम मोदी की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए टीम की जमकर तारीफ की और लिखा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश को गर्व और खुशी का मौका दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह जीत और युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी. इस शानदार जीत के साथ ही टीम ने अगले सीजन की FIH हॉकी महिला प्रो लीग में भी अपनी जगह पक्की कर ली. हॉकी इंडिया ने भी खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन को सम्मान देते हुए हर खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को 1.5 लाख रुपये देने की घोषणा की.