'हर भारतीय के दिल को गर्व से भर दिया...', टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर पीएम मोदी ने टीम को दी बधाई
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत पर पीएम मोदी ने बधाई दी है. उन्होंने भारतीय टीम को कहा कि उन्होंने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया...
नई दिल्ली: रोमांच से भरपूर मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम के सामने 255 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 169 रन ही बना सकी. इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने इतिहास रच दिया और तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की. इस शानदार जीत पर भारत के पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि टीम ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया.
राहुल गांधी ने भी दी बधाई
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी टीम इंडिया की इस महान उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त की है. सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम एक बार फिर चैंपियन बन गई है. राहुल गांधी ने अपनी बधाई में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने टीम को घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक अविस्मरणीय पल देने के लिए बधाई दी और उनकी जमकर प्रशंसा की.
मैच का हाल
बात करें मैच की, तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने संजू सैमसन (89 रन) और अभिषेक शर्मा (52 रन) की तूफानी साझेदारी के दम पर शानदार शुरुआत की. ईशान किशन ने भी 42 रनों की आतिशी पारी खेली. इनके दम पर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सर्वोच्च स्कोर 255 रन बनाया.
न्यूजीलैंड की पारी
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई. जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी के सामने कीवी बल्लेबाज बेबस नजर आए. ईशान किशन ने दो हैरतअंगेज कैच लपककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. अंत में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 20 ओवर में 169 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 86 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया.
इतिहास रचने वाली जीत
इस जीत के साथ ही भारत ने कई कीर्तिमान स्थापित किए:
- टी20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बनी
- तीसरी बार यह खिताब जीतकर टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनी
- टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार न्यूजीलैंड को हराया
- टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर (255 रन) बनाया
खिलाड़ियों का जलवा
इस टूर्नामेंट में कई भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. संजू सैमसन पूरे टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. साथ ही ईशान किशन का भी बैट जमकर मैच में जमकर बोला. वहीं जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया. कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की भी जमकर तारीफ हो रही है.
देशभर में जश्न
इस जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है. देर रात तक लोग सड़कों पर उतरकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते रहे. आतिशबाजी और नारेबाजी के साथ फैंस ने अपनी खुशी का इजहार किया. क्रिकेट के इस महापर्व ने एक बार फिर दिखा दिया कि भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक धर्म है.