menu-icon
India Daily

शाहिद अफरीदी को नहीं दिख रहा जनता का दर्द, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें PKR 458 पहुंचने पर ये क्या कह दिया?

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 458 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है. इस बीच शाहिद अफरीदी ने लोगों से सरकार का समर्थन करने की अपील की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
शाहिद अफरीदी को नहीं दिख रहा जनता का दर्द, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें PKR 458 पहुंचने पर ये क्या कह दिया?
Courtesy: @1DAVID92 x account

नई दिल्ली: पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ताजा फैसले के बाद पेट्रोल की कीमत बढ़कर 458 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. यह बढ़ोतरी वैश्विक ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण हुई है.

दुनियाभर में जारी भू-राजनीतिक तनाव, खासकर संयुक्त राज्य अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव ने तेल की कीमतों को प्रभावित किया है. इसका असर सीधे तौर पर पाकिस्तान समेत कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है.

शाहिद अफरीदी ने क्या कहा?

इस बीच पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेट शाहिद अफरीदी ने इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से सरकार का साथ देने की अपील की है. इस स्थिति के बीच एक वीडियो संदेश में बोलते हुए, अफरीदी ने कहा, 'अस्सलाम वालेकुम दोस्तों, मैं शाहिद अफरीदी हूं. युद्ध के कारण दुनिया अभी जिस वैश्विक ऊर्जा संकट का सामना कर रही है अल्हम्दुलिल्लाह, पाकिस्तान अभी भी कई अन्य देशों की तुलना में काफी बेहतर स्थिति में है. 

सरकार का समर्थन करना और उनके साथ खड़े रहना सबसे महत्वपूर्ण बात है. पाकिस्तानी होने के नाते, हमें सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का पालन करने की कोशिश करनी चाहिए, ताकि देश की प्रगति में कोई बाधा न आए.'

कीमतों में बढ़ोतरी का क्या है कारण?

सरकार के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण हुई है. आपूर्ति श्रृंखला में बाधाएं और वैश्विक अस्थिरता भी इसके पीछे बड़ी वजह हैं.

नए आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में करीब 42.7 प्रतिशत और डीजल की कीमत में 54.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. यह बढ़ोतरी आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि पहले से ही महंगाई का दबाव बना हुआ है.

अली परवेज मलिक ने क्या कहा?

पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से यह कीमत तय की गई है और यह तुरंत प्रभाव से लागू होगी.

हालांकि अफरीदी की अपील को कुछ लोगों ने समर्थन दिया है, लेकिन कई लोग इस बढ़ोतरी से नाराज भी हैं. उनका कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जिंदगी को मुश्किल बना दिया है.