'हमारी टीम ने पूरे सीजन दिल जीता...' SRH का टूटा सपना, हार के बाद भी खुश दिखे पैट कमिंस
27 मई को RR ने शानदार प्रदर्शन करते हुए SRH को 47 रनों से मात देकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली. मैच के बाद भले ही हैदराबाद का सपना टूट गया हो, लेकिन कप्तान पैट कमिंस अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी संतुष्ट नजर आए.
नई दिल्ली: IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सफर आखिरकार खत्म हो गया. न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 47 रनों से मात देकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली. मैच के बाद भले ही हैदराबाद का सपना टूट गया हो, लेकिन कप्तान पैट कमिंस अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी संतुष्ट नजर आए.
27 मई को खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में दिखाई दी और मैच गंवा बैठी.
पैट कमिंस ने टीम की जमकर तारीफ की
भले ही पैट कमिंस की टीम को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा लेकिन उसके बाद भी कप्तान ने अपनी टीम से नाखुश नजर नहीं आए. उन्होंने हार के बावजूद अपनी टीम का मनोबल बढ़ाने वाली बातें कहीं. उन्होंने कहा कि उनकी टीम पूरे सीजन शानदार रवैये के साथ खेली और खिलाड़ी मैदान पर क्रिकेट का आनंद लेते नजर आए. कमिंस का मानना है कि उनकी टीम प्लेऑफ में टॉप-2 में पहुंचने से बहुत मामूली अंतर से चूक गई.
Also Read
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूरे सीजन खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास और पॉजिटिव सोच के साथ प्रदर्शन किया, वह काबिल-ए-तारीफ है.
वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग के फैन हुए कमिंस
इस मैच के हीरो राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे. उन्होंने इस मैच में आतिशी पारी खेलते हुए महज 29 गेंदों पर 97 रन बनाए. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने सनराइजर्स के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया. वैभव ने अपनी बल्ले से पूरे विश्व को अपना दीवाना बना लिया है.
इसी कड़ी में पैट कमिंस भी सूर्यवंशी की बल्लेबीज के फैन हो गए हैं. उन्होंने मैच के बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज की तारीफ करते हुए कहा कि हां, उसने काफी अच्छा खेला. ऐसी बल्लेबाजी के सामने गेंदबाजों के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचते.
फाइनल पर राजस्थान की नजर
एलिमिनेटर जीतने के बाद अब राजस्थान रॉयल्स का अगला टारगेट क्वालिफायर 2 होगा जिसमें उन्हें गुजरात टाइटंस के साथ भिड़ना होगा. दोनों टीमें 29 मई को क्वालीफायर-2 में आमने-सामने होंगी. इस मैच की विजेता टीम 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी.