194 रन की हार के बाद पाकिस्तान टीम में भूचाल! 7 खिलाड़ी बाहर, कोचों की भी छुट्टी
इंग्लैंड से लगातार हार के बाद पाकिस्तान ने टेस्ट टीम में बड़ा बदलाव किया है. सात खिलाड़ियों को बाहर किया गया, दो कोच हटे और पांच नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया.
हेडिंगली में इंग्लैंड के हाथों 194 रन की हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में भूचाल आ गया है. सीरीज खत्म होने से पहले ही टीम में बड़े स्तर पर बदलाव कर दिए गए. सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया, जबकि पांच नए चेहरों को मौका दिया गया है. इसके अलावा मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी गई. साइम अयूब और अब्दुल्ला फजल को टीम में शामिल किया गया है.
सात खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी
पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को टीम से बाहर कर दिया. उनकी जगह अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को शामिल किया गया. इन नए खिलाड़ियों के पास कुल मिलाकर सिर्फ 10 टेस्ट मैचों का अनुभव है.
अली उस्मान का बाहर होना चौंकाने वाला
अली उस्मान का प्रदर्शन अच्छा रहने के बावजूद उन्हें बाहर किया गया. हेडिंगली की दूसरी पारी में उन्होंने पांच विकेट लिए थे. वह 1972 के बाद इस मैदान पर पांच विकेट लेने वाले पहले विदेशी स्पिनर बने थे. आमिर जमाल ने हाल में टेस्ट टीम में वापसी की थी, जबकि उस्मान और जफर को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली थी.
Also Read
कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव
मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को हटाने के बाद माइक हेसन और एशले नोफ्के को टेस्ट स्टाफ में शामिल किया गया है. दोनों पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीमों के साथ क्रमशः मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं रिजवान की बल्लेबाजी और इमाम की फिटनेस भी टीम से बाहर किए जाने के अहम कारणों में रही.
लगातार बदलावों से बढ़ी परेशानी
पाकिस्तान में कोच और टीम संयोजन बदलने का सिलसिला पुराना है. 2023 विश्व कप के बाद गैरी कर्स्टन, जेसन गिलेस्पी, आकिब जावेद, अजहर महमूद, मोहम्मद हाफीज, ग्रांट ब्रैडबर्न और मिकी आर्थर जैसे नाम कोचिंग जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. लॉर्ड्स की हार 20 टेस्ट में पाकिस्तान की 15वीं हार थी. टीम WTC तालिका में सबसे नीचे है और अब बड़े बदलावों ने सवाल और बढ़ा दिए हैं.