नई दिल्ली: पाकिस्तान हॉकी टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा बड़ा शर्मनाक साबित हुआ है. एफआईएच हॉकी प्रो लीग के दूसरे चरण में गए खिलाड़ी सिडनी में फंस गए. होटल बुकिंग रद्द हो गई क्योंकि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने पेमेंट नहीं किया. कप्तान अम्माद शकील बट्ट ने अब खुलासा किया कि उन्होंने पहले सब ठीक बताने वाला वीडियो जारी किया था, लेकिन वह झूठ था. भारत में वीडियो वायरल होने के बाद सच सामने आया है. टीम को खुद खाना बनाना, बर्तन धोना और सफाई करनी पड़ी. लाहौर लौटने पर कोई अधिकारी उनसे नहीं मिला.
कप्तान अम्माद शकील बट्ट ने पत्रकारों से कहा कि सिडनी पहुंचते ही टीम को 12 से 15 घंटे ऑपेरा स्ट्रीट के आसपास भटकना पड़ा. कोई जिम्मेदारी नहीं ली गई. होटल नहीं था, खाना समय पर नहीं मिला. प्रबंधन ने बताया कि मामला भारत पहुंच गया है, इसलिए उन्होंने वीडियो बनाकर सब ठीक बताया. लेकिन अब उन्होंने माना कि वायरल वीडियो और रिपोर्ट्स पूरी तरह सही हैं.
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को खुद अपना नाश्ता बनाना पड़ता था. खिलाड़ी दो-तीन घंटे बर्तन धोते थे. कमरे और टॉयलेट खुद साफ करते थे. मैच के दिन भी आराम नहीं मिला. मानसिक रूप से परेशान हो गए थे. कप्तान ने कहा कि ऐसी हालत में पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन कैसे संभव है. वे गर्व महसूस करते हैं कि फिर भी टीम ने कोशिश की.
बट्ट ने टीम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बताया कि शेख उस्मान और शहजमान ने झूठे दावे किए. पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने फंड दिए थे, लेकिन प्रबंधन ने कहा कि पैसे नहीं आए हैं. उन्होंने बताया कि फेडरेशन से सीधा संपर्क नहीं है सब प्रबंधन के जरिए होता है. कप्तान ने कहा कि फेडरेशन भी दोषी है, लेकिन जिम्मेदारी प्रबंधन की है.
पाकिस्तान हॉकी पिछले कुछ महीनों से मुश्किलों में है. अर्जेंटीना चरण में भी खिलाड़ियों ने बकाया वेतन पर विरोध किया था. टीम में फिलहाल मैनेजर नहीं है. ओलंपियन अंजुम सईद को प्लेन में स्मोकिंग के लिए निकाल दिया गया. यह दौरा हॉकी फेडरेशन की नाकामी का नया उदाहरण बन गया है.