पाकिस्तान ने यूएई से मैच से पहले रद्द की प्रेस कांफ्रेंस, बायकॉट की धमकी के बाद एक और 'नापाक' करतूत
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. भारत के खिलाफ हैंडशेक विवाद के बाद अब पाकिस्तान ने यूएई से होने वाले अहम मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है.
Asia Cup 2025: दुबई में चल रहे एशिया कप 2025 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम लगातार विवादों में घिरती जा रही है. भारतीय खिलाड़ियों के साथ हैंडशेक विवाद ने पहले ही तनाव बढ़ा दिया था और अब यूएई के खिलाफ होने वाले 'करो या मरो' मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने के फैसले ने हालात और बिगाड़ दिए हैं.
दरअसल मंगलवार को पाकिस्तान ने यूएई से होने वाले अपने अहम मुकाबले से पहले तय प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक रद्द कर दी. बुधवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस मैच में पाकिस्तान की हार सीधे उसे टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है. एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने धमकी दी थी कि अगर मैच रेफरी एंडी पाईक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो वे टूर्नामेंट से ही हट जाएंगे. इस तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने से विवाद और तेज हो गया.
रेफरी पर गंभीर आरोप
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराते हुए रेफरी एंडी पाईक्रॉफ्ट पर आरोप लगाया कि उन्होंने भारत के खिलाफ हुए हैंडशेक विवाद को गंभीरता से नहीं लिया. पीसीबी का कहना है कि पाईक्रॉफ्ट ने आईसीसी आचार संहिता और एमसीसी की 'स्पिरिट ऑफ क्रिकेट' से जुड़ी धाराओं का उल्लंघन किया है. हालांकि आईसीसी ने पाकिस्तान की इस मांग को खारिज कर दिया, जिससे पाकिस्तान और भड़क गया.
हैंडशेक विवाद की पृष्ठभूमि
दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया. यह कदम इस साल की शुरुआत में हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में प्रतीकात्मक तौर पर उठाया गया था. यहां तक कि टॉस के वक्त भी सूर्यकुमार ने पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया और टीम शीट का आदान-प्रदान भी नहीं हुआ. इस जीत के बाद सूर्यकुमार ने मैच भारत की सेना और आतंकी हमले के पीड़ितों को समर्पित किया.
टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा
पाकिस्तान की टीम अभी तक एशिया कप में दो अंक लेकर खड़ी है, जिसमें उन्हें एक जीत और एक हार मिली है. यूएई के खिलाफ मैच उनके लिए करो या मरो की स्थिति जैसा है. अगर पाकिस्तान बुधवार को मैदान पर नहीं उतरता या हार जाता है तो उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा और वे सुपर-4 चरण से बाहर हो जाएंगे. ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर दबाव और बढ़ गया है कि वह विवाद को छोड़कर खेल पर ध्यान केंद्रित करे.
और पढ़ें
- India US Trade Deal: 'US के साथ ट्रेड डील को लेकर बातचीत सकारात्मक', ट्रंप के 'टैरिफ बम' के बीच भारत का बयान
- टिकटॉक को लेकर अमेरिका-चीन में समझौता, शी जीनपिंग से बातचीत के बाद होगा बड़ा ऐलान, ट्रंप ने किया दावा
- India vs PaK Match Row: शाहिद अफरीदी के बयान पर BJP ने राहुल गांधी पर किया हमला तो कांग्रेस ने तस्वीर जारी कर किया पलटवार