SL vs IND: बारिश के बीच भारत का दबदबा, पडिक्कल-जुरेल ने श्रीलंका को किया परेशान
गाले टेस्ट के दूसरे दिन बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत ने 460 रन बनाए.
भारत और श्रीलंका के बीच गाले टेस्ट का दूसरा दिन बारिश से काफी प्रभावित रहा. करीब पांच घंटे की देरी के बाद खेल शुरू हुआ. श्रीलंकाई गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया. देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की शानदार पारी खेली. ध्रुव जुरेल ने भी तेज अर्धशतक लगाकर भारत को मजबूत किया.
बारिश के बाद श्रीलंका ने की जोरदार वापसी
दूसरे दिन भारत ने 2 विकेट पर 288 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई. बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण खेल दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका. पिच में नमी का फायदा श्रीलंकाई स्पिनरों को मिला और उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया. ऋषभ पंत 39 रन बनाकर केशरा नुवान्था की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद केएल राहुल भी केवल चार रन जोड़ सके और शॉर्ट लेग पर कैच दे बैठे. लगातार दो विकेट गिरने से श्रीलंका ने मुकाबले में वापसी की. पडिक्कल एक छोर पर मजबूती से टिके रहे और भारतीय पारी को संभालते रहे.
जुरेल का तूफानी अर्धशतक
131 रन से आगे खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल ने शानदार धैर्य दिखाया और 215 गेंदों में अपने टेस्ट करियर के पहले 150 रन पूरे किए. उनकी पारी आखिरकार 92वें ओवर में 167 रन पर खत्म हुई, जब प्रभात जयसूर्या की गेंद पर निरोशन डिकवेला ने उन्हें स्टंप कर दिया. इसके बाद रवींद्र जडेजा भी 99वें ओवर में अंपायर के फैसले पर आउट हुए. ऐसे समय में ध्रुव जुरेल ने तेजी से रन बनाकर दबाव कम किया. उन्होंने 68 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 51 रन बनाए. जुरेल को 29 रन पर जीवनदान भी मिला था, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया.
Also Read
- BWF World Championships: दिल्ली में घमासान, जानिए पहले दिन भारतीय शटलर को कब और कहां देखें
- AUS vs BAN: ऑस्ट्रेलिया को हराते ही बांग्लादेश PM का आया वीडियो कॉल, खिलाड़ियों के साथ मनाया जश्न
- Hockey World Cup: बइज्जती कराने से बाज नहीं आएगा पाकिस्तान... पेनल्टी कॉर्नर के वक्त ड्रेसिंग रूम में भूल गया सुरक्षा गियर
आखिरी ओवरों में विकेट गिरे
जुरेल के आउट होने के बाद भारत ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की. टीम ने मोहम्मद सिराज को कुलदीप यादव से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा. यह रणनीति ज्यादा सफल नहीं रही. जुरेल के आउट होने के बाद भारत ने अगले चार ओवर में दो और विकेट गंवा दिए. हालांकि श्रीलंकाई गेंदबाज भारत को ऑलआउट नहीं कर सके. दिन का खेल खत्म होने तक कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत ने 9 विकेट पर 460 रन बना लिए हैं. पडिक्कल के 167 और जुरेल के तेज 51 रन ने बारिश से प्रभावित दिन में भारत की स्थिति मजबूत कर दी.