दिलीप ट्रॉफी फाइनल में स्टार खिलाड़ियों की एंट्री, राहुल बाहर; वैभव सूर्यवंशी समेत ये 3 स्टार खेलेंगे
दिलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट और साउथ जोन के बीच फाइनल मुकाबला होगा. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा को खेलने की मंजूरी मिल गई है.
Duleep Trophy Final: चेन्नई में 6 सितंबर से होने वाले दिलीप ट्रॉफी फाइनल को लेकर तस्वीर साफ हो गई है. ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा मुकाबले में उतरेंगे. वहीं वैभव सूर्यवंशी भी इस मैच में खेलेंगे और भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल फाइनल से बाहर रहेंगे.
ईस्ट और साउथ जोन की पूरी टीम मैदान में उतरेगी
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने मैच से एक दिन पहले टीम के अहम खिलाड़ियों के उपलब्ध होने की पुष्टि की. तिलक वर्मा ने भी बताया कि केएल राहुल फाइनल में नहीं खेलेंगे. ईशान, वैभव और तिलक को 13 अगस्त से शुरू होने वाली अफगानिस्तान T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. इसी वजह से उनके दिलीप ट्रॉफी खेलने पर पहले सवाल थे और टीम मैनेजमेंट की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा था. अब इन तीनों के खेलने से फाइनल में दोनों टीमों की ताकत बढ़ गई है.
फाइनल देखने चेन्नई पहुंचेंगे अजीत अगरकर
दिलीप ट्रॉफी फाइनल में भारतीय चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर भी मौजूद रहेंगे. उनका चेन्नई पहुंचना ऐसे समय हो रहा है, जब BCCI में उनके भविष्य को लेकर चर्चा चल रही है. पारिवारिक कारणों से वह हाल की BCCI समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हो सके थे. उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट 4 अक्टूबर तक है. अब यह देखना होगा कि BCCI सचिव देवजीत सैकिया चेन्नई में उनसे कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने को लेकर कोई बातचीत करते हैं या नहीं. फाइनल में अगरकर की मौजूदगी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर के लिहाज से भी अहम होगी.
Also Read
एशियन गेम्स में तीन तेज गेंदबाज बनेंगे नेट बॉलर
BCCI एशियन गेम्स के लिए भारतीय पुरुष टीम के साथ तीन तेज गेंदबाजों को नेट बॉलर के तौर पर जापान भेजने की तैयारी कर रहा है. इनमें मयंक यादव, कार्तिक त्यागी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान शामिल हैं. यह फैसला टीम के मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण की मांग पर किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान ज्यादा गेंदबाजी विकल्प मिल सकें. तीनों आधिकारिक भारतीय दल में शामिल नहीं होंगे और 26 सितंबर को भारत के पहले मैच तक टीम के साथ रह सकते हैं. BCCI ने उनके जापान वीजा के लिए आवेदन भी कर दिया है.