नीरज चोपड़ा का 2026 सीजन चोट के कारण समय से पहले खत्म हो गया है. ट्रेनिंग के दौरान टखने में लिगामेंट फटने के बाद उन्होंने डॉक्टर और अपनी टीम से सलाह लेकर बाकी सीजन से हटने का फैसला किया. इससे एशियन गेम्स में भारत की मेडल उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा है.
ट्रेनिंग के दौरान टखने में लिगामेंट फटने के बाद नीरज चोपड़ा अब 2026 में कोई और प्रतियोगिता नहीं खेलेंगे. उन्होंने 29 अगस्त को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी और बताया कि डॉक्टरों और टीम से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया. जून में दोहा डायमंड लीग से लंबे समय बाद वापसी करने वाले नीरज ने वहां 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था. इसके बाद ग्लासगो में 85.83 मीटर के प्रयास से सिल्वर जीता. लॉजेन डायमंड लीग में उन्होंने सीजन का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था और लग रहा था कि उनकी लय धीरे-धीरे लौट रही है.
— Neeraj Chopra (@Neeraj_chopra1) August 29, 2026Also Read
नीरज के बाहर होने से भारत को एशियन गेम्स से पहले बड़ा झटका लगा है. आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स में वह पुरुष जैवलिन थ्रो का अपना खिताब बचाने उतरने वाले थे लेकिन चोट के कारण अब ऐसा नहीं हो पाएगा. डायमंड लीग फाइनल में पहुंचने की उनकी उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं. चोट से पहले वह डायमंड लीग स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर थे और फाइनल की दौड़ में बने हुए थे. नीरज ने माना कि यह फैसला उनके लिए निराशाजनक है, उन्हें लग रहा था कि वह अपनी पुरानी लय के करीब पहुंच रहे हैं. हालांकि, अब उनका पूरा ध्यान ठीक होने पर रहेगा.
नीरज की गैरमौजूदगी में एशियन गेम्स के जैवलिन इवेंट में भारत की उम्मीदें अब रोहित यादव पर ज्यादा रहेंगी. रोहित ने हाल ही में भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स सिल्वर लेवल कॉन्टिनेंटल टूर प्रतियोगिता में 87.68 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था. इस प्रदर्शन के बाद वह नीरज के बाद भारत के टॉप जैवलिन दावेदारों में शामिल हो गए हैं.