menu-icon
India Daily

24 रन की पारी और बन गया विश्व रिकॉर्ड, जो रूट ने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा

जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में 24 रन की पारी के दौरान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया. दूसरे दिन पाकिस्तान 111 रन पर ऑलआउट हुआ और इंग्लैंड ने 261 रन की बढ़त हासिल कर ली.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
24 रन की पारी और बन गया विश्व रिकॉर्ड, जो रूट ने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा
Courtesy: @Hammadkhn490 X Account

नई दिल्ली: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में भले ही बल्ले से शानदार प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन उन्होंने एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. रूट ने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपने घर यानी घरेलू मैदानों पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया है. रूट ने इस उपलब्धि के लिए 24 रन की पारी खेली.

जो रूट के नाम अब इंग्लैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में कुल 7,594 रन हो गए हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ा है. पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया में घरेलू टेस्ट मैचों में 7,578 रन बनाए थे. रूट ने 7,594 रन तक पहुंचकर उन्हें पीछे छोड़ दिया.

भारत का कौन सा है स्थान?

इस सूची में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर तीसरे स्थान पर हैं. तेंडुलकर ने भारत में खेले गए टेस्ट मैचों में 7,216 रन बनाए हैं. श्रीलंका के महेला जयवर्धने 7,167 रन के साथ चौथे और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस 7,035 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं.

घरेलू टेस्ट में सबसे ज्यादा रन

जो रूट - 7,594 रन.

रिकी पोंटिंग - 7,578 रन.

सचिन तेंडुलकर - 7,216 रन.

महेला जयवर्धने - 7,167 रन.

जैक्स कैलिस - 7,035 रन.

बल्ले से संघर्ष कर रहे रूट

रिकॉर्ड बनाने के बावजूद जो रूट की मौजूदा फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है. पाकिस्तान के खिलाफ तीन पारियों में वह अब तक सिर्फ 94 रन बना सके हैं. लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में भी रूट केवल 24 रन बनाकर आउट हुए. रूट लगातार नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं, लेकिन बल्ले से उनके प्रदर्शन में वह निरंतरता नजर नहीं आ रही जिसके लिए वह जाने जाते हैं. खासकर ऐसे समय में जब उन्हें इंग्लैंड की कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिली है, उनकी फॉर्म टीम के लिए अहम हो सकती है.

पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड के गेंदबाजों का कहर

लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. पाकिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 111 रन पर ऑलआउट हो गई. अजान ओवैस ने 46 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि ज्यादातर बल्लेबाज दहाई का आंकडा भी नहीं छू सके.

लंबे समय बाद वापसी कर रहे बाबर आजम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह सिर्फ 10 गेंदों का सामना कर 8 रन बना सके. जोश टंग ने उन्हें अपना शिकार बनाया. ओली रॉबिन्सन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए. जोफ्रा आर्चर को तीन और जोश टंग को दो विकेट मिले.

इंगलैंड की जीत की राह आसान

दूसरी पारी में इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 60 रन तक तीन विकेट गंवा दिए. रूट ने 24 रन बनाए. ओपनर एमिलियो गे 30 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हैरी ब्रूक उनका साथ दे रहे हैं. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर 261 रन की बढ़त बना ली है. ऐसे में इंग्लैंड की टीम टेस्ट और सीरीज अपने नाम करने की मजबूत स्थिति में नजर आ रही है.