अनाया बांगर ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी स्तर पर क्रिकेट खेलने की तैयारी कर रही हैं. उनका लक्ष्य अगले साल महिला बिग बैश लीग तक पहुंचना है. इसी बीच दक्षिण अफ्रीका की मारिजान कैप ने उनकी कोशिश को लेकर सवाल उठाए. अनाया ने जवाब देते हुए कहा कि वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के तय नियमों का पालन कर रही हैं.
मारिज़ान कैप ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की एक रिपोर्ट साझा करते हुए अनाया की WBBL में खेलने की कोशिश को ‘बिल्कुल बेतुका’ बताया था. इसके जवाब में अनाया ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी राय रखने से पहले इस मामले की पूरी जानकारी लेनी चाहिए. उन्होंने बताया कि उन्हें कोई अनुचित फायदा नहीं मिल रहा और वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पात्रता से जुड़े नियमों का पालन कर रही हैं. अनाया को उम्मीद है कि तय टेस्टोस्टेरोन सीमा के भीतर रहने पर वह अगले साल मार्च में WBBL खेलने की दिशा में आगे बढ़ पाएंगी.
अनाया ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के रवैये पर भी निराशा जाहिर की. उन्होंने बताया कि उन्होंने BCCI से संपर्क किया था लेकिन उन्हें बातचीत के बजाय सिर्फ खामोशी मिली. उनका कहना है कि भारत में महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर नीति बनाने की जरूरत है और उनके अनुभव को इस प्रक्रिया में शुरुआती आधार बनाया जा सकता है. अनाया ने कहा कि वह अपनी पूरी यात्रा से मिली जानकारी BCCI के साथ साझा करने के लिए तैयार हैं, ताकि भविष्य में महिला क्रिकेट के लिए बेहतर नियम बनाए जा सकें.
अनाया ने अपने ट्रांज़िशन के दौरान सामने आई मुश्किलों के बारे में भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के चलते उन्हें उस खेल से दूर होना पड़ा, जिसे वह बेहद पसंद करती थी. इसके साथ परिवार और निजी जिंदगी में भी कई बड़े बदलाव आए. उनका कहना है कि यह सफर आसान नहीं था और इसमें कई भावनात्मक उतार-चढ़ाव रहे लेकिन अब वह इसे अपनी जिंदगी की नई शुरुआत के रूप में देख रही हैं. ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट से वापसी उनके लिए इसी नए दौर का अहम हिस्सा है.