Commonwealth Games 2026

CWG 2026: नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुरिंदरवीर सिंह की शानदार दौड़ बेकार, दूसरे स्थान के बाद भी हुए बाहर

Commonwealth Games 2026 में भारत के सबसे तेज धावक गुरिंदरवीर सिंह ने सबको निराश कर दिया. वह अपनी टाइमिंग से सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सके. क्वालिफिकेशन नियम उनके लिए सबसे बड़ी बाधा बने.

X
Ashutosh Rai

Commonwealth Games 2026 में भारतीय स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह ने अच्छी शुरुआत की लेकिन उनका सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया. हीट में दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद वे सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके.

दूसरे स्थान पर रहने के बाद भी क्यों हुए बाहर?

ग्लासगो में पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में कुल 76 धावकों ने हिस्सा लिया. सभी खिलाड़ियों को 11 अलग-अलग हीट में बांटा गया था. प्रतियोगिता में पहले से सात खिलाड़ियों को सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिल चुका था. बाकी 17 जगहों के लिए सभी हीट में दौड़ने वाले खिलाड़ियों की टाइमिंग की तुलना की गई. गुरिंदरवीर सिंह ने अपनी हीट में 10.39 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया लेकिन यह समय टॉप-17 सबसे तेज धावकों में शामिल नहीं हो सका. वह कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहे. आखिरी क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ी बारबाडोस के कुरोन ग्रिफिथ थे, जिन्होंने 10.24 सेकंड का समय निकाला. इसी वजह से गुरिंदरवीर अगले दौर में नहीं पहुंच पाए.

राष्ट्रीय रिकॉर्ड से काफी पीछे रहे भारतीय धावक

गुरिंदरवीर सिंह से इस प्रतियोगिता में बड़ी उम्मीदें थीं. इसी साल मई में रांची में हुए फेडरेशन कप में उन्होंने 10.09 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था. वह 10 सेकंड की बाधा तोड़ने वाले पहले भारतीय बनने के बेहद करीब पहुंच गए थे लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा. उन्होंने अच्छी शुरुआत जरूर की और शुरुआती मीटर तक जमैका के रोहन वॉटसन के साथ बने रहे. हालांकि अंतिम हिस्से में उनकी रफ्तार कम हो गई और वह रिकॉर्ड समय के करीब भी नहीं पहुंच सके. उनकी टाइमिंग उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी पीछे रही.


मौसम और तेज मुकाबले का भी पड़ा असर

ग्लासगो का मौसम भी खिलाड़ियों के लिए आसान नहीं था. ठंड और बीच-बीच में हो रही बारिश ने ट्रैक की परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बना दिया. हालांकि दौड़ के दौरान पीछे से हवा का फायदा खिलाड़ियों को मिला लेकिन गुरिंदरवीर इसका पूरा लाभ नहीं उठा सके. दूसरी ओर घाना के बेंजामिन अजामाती ने 10.00 सेकंड और अब्दुल-रशीद सामिनु ने 10.01 सेकंड का शानदार समय निकाला। ऐसे कड़े मुकाबले में 10.39 सेकंड की टाइमिंग काफी नहीं थी. भारत के लिए यह नतीजा निराशाजनक जरूर रहा लेकिन गुरिंदरवीर के पास आने वाले बड़े टूर्नामेंट में वापसी का पूरा मौका रहेगा.