मोहम्मद अशफाक ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 में तोड़ा भारतीय रिकॉर्ड, सेमीफाइनल में बनाई जगह
वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में मोहम्मद अशफाक ने 400 मीटर दौड़ में भारतीय U20 नेशनल रिकॉर्ड तोड़ते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई.
भारत के युवा एथलीटों ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की है. मोहम्मद अशफाक ने 400 मीटर दौड़ में नया भारतीय U20 रिकॉर्ड बनाकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. वहीं हाई जंप में बसंत ने फ़ाइनल के लिए क्वालिफाई कर पहले दिन भारत को बड़ी सफलता दिलाई.
अशफाक ने तोड़ा भारतीय U20 रिकॉर्ड
भारत के युवा धावक मोहम्मद अशफाक ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया भारतीय U20 नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने अपनी हीट में 45.81 सेकंड का समय निकाला और अमेरिका के जेडेन डीलिओन (45.63 सेकंड) के बाद दूसरे स्थान पर रहे. इससे पहले अशफाक के नाम 46.05 सेकंड का भारतीय U20 रिकॉर्ड था, जिसे उन्होंने इस दौड़ में बेहतर कर दिया. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाई, बल्कि सभी क्वालिफायर खिलाड़ियों में चौथा स्थान भी हासिल किया. उनकी दौड़ ने यह दिखाया कि वह आने वाले मुकाबलों में भारत के लिए बड़ी उम्मीद बन सकते हैं.
बसंत ने हाई जंप फ़ाइनल में बनाई जगह
भारत के हाई जंप खिलाड़ी बसंत ने भी पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 2.00 मीटर, 2.05 मीटर और 2.10 मीटर की ऊंचाई पहले ही प्रयास में पार की. इसके बाद 2.14 मीटर की ऊँचाई दूसरे प्रयास में सफलतापूर्वक पार करते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया. प्रतियोगिता में कोई भी खिलाड़ी 2.21 मीटर का ऑटोमैटिक क्वालिफाइंग मार्क हासिल नहीं कर सका, ऐसे में बसंत का प्रदर्शन उन्हें कुल 11वें स्थान के साथ फाइनल तक ले जाने के लिए काफी रहा. अब फाइनल में उनसे भारत को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
Also Read
कुछ खिलाड़ियों को मिली निराशा
पहले दिन सभी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. पुरुषों की ट्रिपल जंप क्वालिफिकेशन में पी. रोयशन और धनुष राज फाइनल में जगह नहीं बना सके. दोनों 25वें और 34वें स्थान पर रहे. वहीं, महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स में तनु चौधरी भी अपनी हीट से आगे नहीं बढ़ सकीं और उनका अभियान यहीं समाप्त हो गया. इसके बावजूद भारत के लिए पहला दिन सकारात्मक रहा. अशफाक का नेशनल रिकॉर्ड और बसंत का फाइनल में पहुंचना इस बात का संकेत है कि भारतीय युवा खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में आगे भी देश को अच्छी खबरें दे सकते हैं.