'डरना नहीं चाहिए...', T20 World Cup के फाइनल से पहले मोहम्मद कैफ ने प्लेइंग-11 को लेकर की ये डिमांड
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने T20 World Cup 2026 के फाइनल से पहले भारतीय टीम को बड़ा बदलाव करने की सलाह दी है. उनका मानना है कि खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा की जगह रिंकू सिंह को मौका दिया जाना चाहिए.
नई दिल्ली: T20 World Cup 2026 का फाइनल रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. इस बड़े मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने टीम चयन को लेकर अहम सलाह दी है.
कैफ का मानना है कि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं और टीम को निर्णायक मैच से पहले बदलाव करने से नहीं हिचकना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि अभिषेक को आराम देकर रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है.
अभिषेक का खराब प्रदर्शन
T20 World Cup 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. पूरे टूर्नामेंट में वह सिर्फ एक बार ही 50 रन के आंकड़े को पार कर सके. अधिकतर मौकों पर विपक्षी टीमों ने पावरप्ले में स्पिन गेंदबाजों का इस्तेमाल करके उन्हें आउट किया.
3 बार जीरो पर हुए आउट
भारत-श्रीलंका में जारी टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा बुरी तरह से फ्लॉप रहे हैं. शुरूआती तीन मैचों में अभिषेक अपना खाता भी नहीं खोल पाए. ग्रुप स्टेज में ही वह 'फूड पॉइजनिंग' से पीड़ित हो गए, जिसके चलते नामीबिया के खिलाफ उन्हें बाहर बैठना पड़ा. इसके बाद उन्होंने वापसी की और उसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 और वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 10 रन ही बना सके. अभिषेक शर्मा ने सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में सिर्फ 7 गेंदों का सामना किया और 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
फील्डिंग में नहीं दिखा दम
भारत और श्रीलंकी की मेजबानी में जारी टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा अपने शुरूआती तीन मैचों में जीरो पर आउट हुए थे. टूर्नामेंट में उनका आत्मविश्वास भी कम नजर आया. सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि फील्डिंग में भी उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने दो आसान कैच छोड़ दिए थे.
मोहम्मद कैफ ने क्या कहा?
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अभिषेक शर्मा को फिलहाल आराम देने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए. उनके अनुसार, छोटे फॉर्मेट में बदलाव करना सामान्य बात है. कैफ ने उदाहरण देते हुए बताया कि वेस्टइंडीज ने भी ब्रैंडन किंग की खराब फॉर्म के चलते रोस्टन चेज को मौका दिया था. उन्होंने कहा कि भारत ने पहले भी संजू सैमसन को मौका देकर सही फैसला लिया और वह टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ.
'रिंकू सिंह भरोसेमंद बल्लेबाज'
कैफ का मानना है कि भारत के पास रिंकू सिंह जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हैं, जो हर स्तर पर रन बनाने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने कहा कि रिंकू घरेलू क्रिकेट, IPL और अन्य फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं. ऐसे में जब एक खिलाड़ी संघर्ष कर रहा हो और दूसरा खिलाड़ी बेंच पर बैठा हो, तो टीम को बदलाव करने से नहीं डरना चाहिए. उनके अनुसार, फाइनल जैसे बड़े मैच में फॉर्म में खिलाड़ी को मौका देना जरूरी होता है.
सैमसन और अभिषेक के अनुभव में फर्क
कैफ ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के अनुभव में बड़ा फर्क बताया. उन्होंने कहा कि अभिषेक अभी ICC टूर्नामेंट के दबाव में खेलने के मामले में नए हैं. दूसरी तरफ संजू सैमसन काफी समय से अंतरराष्ट्रीय और IPL क्रिकेट खेल रहे हैं. उनके नाम T20 क्रिकेट में 8000 से ज्यादा रन हैं और बड़े मैचों में खेलने का अनुभव भी है. कैफ के अनुसार, संजू एक स्थापित खिलाड़ी हैं, जबकि अभिषेक को अभी अपने खेल पर और काम करने की जरूरत है.
और पढ़ें
- T20 World Cup, IND vs NZ Final: टीम इंडिया को सपोर्ट करने दिल्ली से अहमदाबाद दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन! ICT फैंस को रेलवे का तोहफा
- IND vs NZ Final Live Streaming: अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड के बीच ट्रॉफी की जंग, जानें कब-कहां देखें फ्री टी20 विश्व कप फाइनल मैच
- IND vs NZ Final: फाइनल से पहले होटल के रेट्स छू रहे आसमान! एक लाख के पार पहुंचा किराया