'मुझसे इज्जत से बात करो...', पुर्तगाल के रेफरी से भिड़े Messi, अर्जेंटीना की क्वार्टर-फाइनल जीत के बाद तीखी बहस का वीडियो वायरल

अर्जेंटीना की स्विट्जरलैंड पर एक्स्ट्रा टाइम में 3-1 की जीत के दौरान लियोनेल मेसी और पुर्तगाली रेफरी जोआओ पिनहेइरो के बीच हुई तीखी बहस. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

FIFA World Cup 2026 के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. हालांकि, मुकाबले के दौरान लियोनेल मेसी और रेफरी जोआओ पिनहेइरो के बीच हुई तीखी बहस ने मैच से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मैच के दौरान मेसी और रेफरी में हुई बहस

अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले के पहले हाफ में एक फ्री-किक के दौरान यह घटना सामने आई. स्विट्जरलैंड की टीम फ्री-किक लेने की तैयारी कर रही थी, तभी रेफरी जोआओ पिनहेइरो ने अर्जेंटीना की डिफेंसिव दीवार को पीछे हटने का निर्देश दिया. इसी दौरान लियोनेल मेसी रेफरी के रवैये से नाराज दिखाई दिए. टीवी कैमरों में मेसी को रेफरी से यह कहते हुए देखा गया कि उनसे सम्मान के साथ बात की जाए. फ्री-किक के बाद भी दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई. हालांकि, बहस के दौरान मेसी शांत नजर आए और रेफरी ने उनके खिलाफ कोई कार्ड या चेतावनी जारी नहीं की.


अर्जेंटीना ने एक्स्ट्रा टाइम में दर्ज की शानदार जीत

मैच बेहद रोमांचक रहा और तय समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने शानदार खेल दिखाया. जूलियन अल्वारेज और लॉटारो मार्टिनेज ने अहम गोल कर टीम को 3-1 की जीत दिलाई. इस नतीजे के साथ स्विट्जरलैंड का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया. वहीं मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली. अब अर्जेंटीना का मुकाबला इंग्लैंड से होगा. टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने के अपने लक्ष्य की ओर एक और कदम बढ़ा चुकी है.

कौन हैं रेफरी जोआओ पिनहेइरो?

जोआओ पिनहेइरो पुर्तगाल के अनुभवी फुटबॉल रेफरी हैं और यूरोप के बड़े टूर्नामेंटों में कई अहम मुकाबलों में जिम्मेदारी निभा चुके हैं. उन्होंने 2015 में पुर्तगाल की शीर्ष लीग में रेफरिंग शुरू की थी और 2016 में उन्हें FIFA का बैज मिला. इसके बाद उन्होंने UEFA चैंपियंस लीग, यूरोपा लीग और 2025 UEFA सुपर कप जैसे बड़े मुकाबलों में भी रेफरी की भूमिका निभाई. उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुना गया. मेसी के साथ हुई बहस चर्चा का विषय जरूर बनी लेकिन उन्होंने पूरे मैच को बिना किसी विवाद के पूरा कराया और खेल पर इसका कोई असर नहीं पड़ा.