T20 World Cup 2026

'इंसान के जान की कोई कीमत नहीं...', एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने पर BCCI पर बुरी तरह से भड़का पूर्व क्रिकेटर

Manoj Tiwary: भारत और पाकिस्तान की टीम एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को आमने-सामने आने वाली हैं. ऐसे में इस मुकाबले से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर ने कड़ा ऐतराज जताया है और बीसीसीआई पर तीखा हमला बोला है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Manoj Tiwary: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच हमेशा से ही सुर्खियों में रहते हैं लेकिन इस बार एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को दुबई में होने वाले मैच को लेकर विवाद छिड़ गया है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने इस मैच के आयोजन पर कड़ा ऐतराज जताया है. 

तिवारी का कहना है कि पाहलगाम आतंकी हमले के बाद इस तरह का मैच खेलना ठीक नहीं है क्योंकि इससे मानव जीवन की कीमत को नजरअंदाज किया जा रहा है. बता दें कि पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का विरोध हो रहा है और इसी कड़ी में मनोज तिवारी भी शामिल हो गए हैं.

पाहलगाम हमले का दर्द भुलाया गया

मनोज तिवारी ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि पाहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई थी. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा और कड़ा जवाब देने की बातें हुईं. लेकिन कुछ महीनों बाद ही यह सब भुला दिया गया और अब दोनों टीमें क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होंगी. तिवारी ने कहा, "मुझे हैरानी होती है कि यह मैच हो रहा है. इतने बड़े हमले के बाद, जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई, सब कुछ भूलकर खेल का आयोजन हो रहा है. क्या इंसान की जान की कोई कीमत नहीं?"

खेल से ऊपर है इंसान की जिंदगी

तिवारी का मानना है कि खेल से ज्यादा महत्वपूर्ण मानव जीवन है. उन्होंने साफ कहा कि वह इस मैच को बिल्कुल नहीं देखेंगे. उनके शब्दों में, "पाकिस्तान के साथ खेलकर क्या हासिल होगा? इंसान की जान की कीमत खेल से कहीं ज्यादा होनी चाहिए. मैं इस मैच को देखने का सवाल ही नहीं उठता." तिवारी का यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां कई प्रशंसक भी उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं.

भारत-पाकिस्तान के बीच खेल संबंधों पर सवाल

भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर रोक लगा रखी है. हालांकि, विश्व कप और ओलंपिक जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट में दोनों देशों की टीमें हिस्सा लेती हैं क्योंकि ये आयोजन तटस्थ स्थानों पर होते हैं और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के तहत आयोजित किए जाते हैं.