भारत दौरे के तीसरे दिन दिल्ली जाएंगे लियोनल मेसी, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें पूरा शेड्यूल
महान फुटबॉलर लियोनल मेस्सी के भारत दौरे का आज तीसरा दिन है. वे इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगें. आइए जानते हैं कि इस दिन उनका कार्यक्रम कैसा रहने वाला है.
नई दिल्ली: दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं. यह उनका 'GOAT इंडिया टूर 2025' का हिस्सा है, जो तीन दिनों में चार शहरों को कवर कर रहा है. दौरे का आखिरी दिन 15 दिसंबर को दिल्ली में होगा.
यहां मेसी कई महत्वपूर्ण लोगों से मिलेंगे और अरुण जेटली स्टेडियम में विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. यह दौरा फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ा उत्साह लेकर आया है.
दिल्ली में मेसी का आगमन और शुरुआती कार्यक्रम
लियोनल मेसी सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे दिल्ली पहुंचेंगे. पहुंचते ही वे शहर के एक बड़े होटल में आयोजित मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह सत्र लगभग 50 मिनट का होगा, जहां चुनिंदा लोग उनसे मिल सकेंगे.
इसके बाद मेसी का सबसे खास कार्यक्रम होगा. वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे. यह बातचीत करीब 20 मिनट तक चलेगी. यह मुलाकात भारत-अर्जेंटीना के बीच खेल और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक मानी जा रही है.
अन्य महत्वपूर्ण मुलाकातें
प्रधानमंत्री से मिलने के बाद मेसी एक सांसद के घर जाएंगे. वहां वे भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो अगस्टिन कौसिनो से मिलेंगे. साथ ही चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत और आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी बातचीत करेंगे. इन मुलाकातों से दौरा और भी खास हो जाएगा.
अरुण जेटली स्टेडियम में कार्यक्रम
मुलाकातों के बाद मेसी दोपहर में अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचेंगे. यहां करीब 3:30 बजे उनकी भव्य स्वागत होगा. स्टेडियम में संगीत कार्यक्रम होगा, उसके बाद मैदान पर कई रोचक आयोजन होंगे. भारतीय सेलिब्रिटी एक प्रदर्शनी फुटबॉल मैच खेलेंगे, जिसमें मेसी खिलाड़ियों से मिलेंगे.
इसके अलावा एक फुटबॉल क्लिनिक होगी, जिसमें 22 बच्चे हिस्सा लेंगे. यह क्लिनिक दोपहर 3:55 से 4:15 बजे तक चलेगी. क्लिनिक के बाद मैदान के बीच में मेसी जाएंगे, जहां दो प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर उन्हें विशेष उपहार देंगे. बदले में मेसी उन्हें अपनी साइन की हुई जर्सी भेंट करेंगे.
ट्रैफिक की सलाह
मेसी के कार्यक्रमों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष इंतजाम किए हैं. स्टेडियम के आसपास पार्किंग पर रोक है और गाड़ियां टो की जा सकती हैं. लोगों से अपील है कि वे मेट्रो या बस का इस्तेमाल करें ताकि जाम से बचा जा सके.