FIFA World Cup 2026

'बेंच से शुरुआत करेंगे मेसी...', जॉर्डन के खिलाफ मैच में लियोनेल को आराम, कोच स्कालोनी ने प्लेइंग इलेवन में किए बड़े बदलाव

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जॉर्डन के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में लियोनेल मेसी को बेंच पर रखा जाएगा.

X
Ashutosh Rai

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप J के आखिरी मैच में अर्जेंटीना का सामना जॉर्डन से होगा. इस मुकाबले में सबसे बड़ी खबर यह है कि लियोनेल मेसी शुरुआती एकादश में नहीं होंगे. कोच लियोनेल स्कालोनी ने मेसी को आराम देने का फैसला किया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि मेसी बाद में मैदान पर जरूर उतरेंगे.

मेसी को आराम

अर्जेंटीना पहले ही नॉकआउट राउंड के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और ग्रुप J में शीर्ष पर है. इसीलिए कोच स्कालोनी ने जॉर्डन के खिलाफ मैच में टीम में बड़े बदलाव करने का फैसला लिया. मेसी ने अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया के खिलाफ पिछले दोनों मैचों में अर्जेंटीना के सभी पांच गोल अकेले किए थे, जिसके बाद उन्हें थोड़ा आराम देना जरूरी था. स्कालोनी ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि मेसी बेंच से शुरुआत करेंगे लेकिन थोड़ी देर बाद मैदान पर उतरेंगे.

हर खिलाड़ी है हकदार

स्कालोनी ने इस बात को सिरे से खारिज किया कि अर्जेंटीना कमजोर या बदली हुई टीम उतार रही है. उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी कल खेलेंगे वे इसके पूरे हकदार हैं. इन्हीं खिलाड़ियों की मेहनत से टीम यहां तक पहुंची है. स्कालोनी ने कहा कि एक कोच का सबसे बड़ा सपना यही होता है कि टीम का प्रदर्शन हर खिलाड़ी के साथ एक जैसा बना रहे और वे इसी दिशा में काम कर रहे हैं.


जॉर्डन से भी सतर्क हैं स्कालोनी

भले ही जॉर्डन अपने पहले वर्ल्ड कप अभियान में लगातार हारकर बाहर हो चुका है लेकिन स्कालोनी ने उन्हें हल्के में लेने से मना किया. उन्होंने कहा कि जॉर्डन आमतौर पर पांच डिफेंडरों के साथ खेलता है और अर्जेंटीना इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है. अगर जॉर्डन के डिफेंस को तोड़ने में दिक्कत हुई तो टीम अपनी रणनीति बदलने में भी नहीं हिचकेगी.