FIFA World Cup 2026

फ्रांस की जीत में एम्बाप्पे का डबल धमाका, तोड़ा ऑल-टाइम गोल का रिकॉर्ड; सेनेगल को रौंदा

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की. किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल दागे, नया रिकॉर्ड बनाया और टीम को मुश्किल मुकाबले में जीत दिलाकर खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी.

X
Ashutosh Rai

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस ने अपने पहले मैच में सेनेगल को 3-1 से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की. न्यूयॉर्क के मेट लाइफ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सेनेगल ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन दूसरे हाफ में फ्रांस का अनुभव और एम्बाप्पे का कमाल भारी पड़ गया.

सेनेगल ने शुरुआत में बढ़ाई फ्रांस की मुश्किलें

मैच के पहले हाफ में सेनेगल ने शानदार खेल दिखाया और फ्रांस को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. किलियन एम्बाप्पे पर लगातार दबाव बनाया गया और उनकी हर कोशिश को रोका गया. सेनेगल के खिलाड़ियों ने कई अच्छे हमले किए और गोल करने के करीब भी पहुंचे. निकोलस जैक्सन और इस्माइला सार ने फ्रांस के डिफेंस को काफी परेशान किया. कुछ मौकों पर ऐसा लगा कि सेनेगल बढ़त हासिल कर सकता है, लेकिन टीम अपने मौके गोल में नहीं बदल सकी. पहले 45 मिनट में फ्रांस की स्टार अटैक लाइन भी अपेक्षित असर नहीं छोड़ पाई.

दूसरे हाफ में बदला मैच का पूरा रुख

ब्रेक के बाद फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने रणनीति में बदलाव किया, जिसका असर जल्द दिखाई दिया. टीम ने गेंद पर बेहतर नियंत्रण बनाना शुरू किया और सेनेगल के डिफेंस पर दबाव बढ़ाया. इसी दौरान माइकल ओलिसे के शानदार पास पर एम्बाप्पे ने पहला गोल कर फ्रांस को बढ़त दिलाई. इसके बाद सब्स्टीट्यूट ब्रैडली बारकोला ने दूसरा गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया. सेनेगल ने हार नहीं मानी और युवा खिलाड़ी इब्राहिम एमबाये ने शानदार गोल कर अंतर कम किया, जिससे मुकाबले में फिर रोमांच लौट आया.


एम्बाप्पे ने बनाया नया रिकॉर्ड

सेनेगल के गोल के बाद जब मुकाबला फिर खुला दिखाई दे रहा था, तभी एम्बाप्पे ने अपना दूसरा गोल दागकर फ्रांस की जीत पक्की कर दी. इस गोल के साथ उन्होंने फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अब उनके नाम 58 गोल दर्ज हो चुके हैं. साथ ही वर्ल्ड कप में उनके गोलों की संख्या 14 पहुंच गई है. इस जीत के बाद फ्रांस ने ग्रुप में मजबूत शुरुआत की है और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है. अगले मुकाबलों में भी सभी की नजर एम्बाप्पे और फ्रांस की प्रदर्शन पर रहेगी.