IPL 2026: टूर्नामेंट पर चोटों का साया, KKR को लगा डबल झटका; हर्षिण राणा के बाद ये स्टार गेंदबाज हुआ बाहर
रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश दीप चोट के कारण पूरे आईपीएल 2026 सीजन से बाहर हो गए हैं. इस खबर की पुष्टि खुद टीम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने की है.
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं. टीम के स्टार बॉलर हर्षित राणा पहले ही चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. अब आकाश दीप के IPL 2026 से बाहर होने की खबर सामने आई है.
चोट के कारण आकाश दीप टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. इसके अलावा विदेशी तेज गेंदबाज मथीषा पथिराना भी अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, जिससे टीम की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है.
IPL से बाहर हुए आकाश दीप
रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश दीप चोट के कारण पूरे आईपीएल 2026 सीजन से बाहर हो गए हैं. इस खबर की पुष्टि खुद टीम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने की है. उन्होंने कहा कि आकाश दीप इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जो टीम के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है.
गौरतलब है कि केकेआर ने उन्हें मिनी ऑक्शन में उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था. टीम प्रबंधन को उम्मीद थी कि हर्षित राणा की गैरमौजूदगी में आकाश दीप तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे, लेकिन अब यह योजना अधूरी रह गई है.
आकाश दीप का IPL करियर
आकाश दीप का आईपीएल करियर अब तक ज्यादा लंबा नहीं रहा है. उन्होंने 2022 में अपना डेब्यू किया था और अब तक कुल 14 मुकाबले खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 10 विकेट हासिल किए. उनकी इकॉनमी 11.82 रही है, जो थोड़ी महंगी मानी जाती है. पिछले सीजन में वह लखनऊ की टीम का हिस्सा थे, जहां उन्होंने 6 मैचों में 3 विकेट लिए थे. चोट की समस्या उनके करियर में लगातार बाधा बनती रही है, जिसके कारण वह किसी भी सीजन में सभी मैच नहीं खेल पाए.
KKR को झटका
फिलहाल, आकाश दीप बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी चोट से उबरने के लिए रिहैब कर रहे हैं. उनकी चोट कितनी गंभीर है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन यह तय है कि वह इस सीजन में वापसी नहीं कर पाएंगे. केकेआर ने 18 मार्च से कोलकाता में अपना प्री-सीजन कैंप शुरू कर दिया था, लेकिन आकाश दीप इसमें शामिल नहीं हो सके.