केरल में दिखा फुटबॉल का पागलपन... FIFA World Cup Final 2026 के लिए राज्यभर में स्कूल-कॉलेज बंद
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल को देखते हुए केरल सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है. हालांकि पहले से तय परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी.
फुटबॉल के प्रति केरल के लोगों का जुनून एक बार फिर देखने को मिल रहा है. केरल में फुटबॉल के लिए लोगों के पागलपन कि इससे ही समझ सकते हैं कि फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला किया है. अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार देर रात खेला जाएगा. सरकार का मानना है कि छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला जरूरी है.
सरकार ने छुट्टी का लिया फैसला
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है. इस फैसले में व्यावसायिक कॉलेज भी शामिल हैं. सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करेगी. हालांकि पहले से निर्धारित परीक्षाओं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
Also Read
- विश्व कप जीतने की दहलीज पर अर्जेंटीना, उधर हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई टेंशन; जानें क्या है कनेक्शन
- ENG vs IND, 3rd ODI Live: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर किया बल्लेबाजी का फैसला, क्या रो-को की जोड़ी लगा पाएगी भारत की नैया पार
- 21-17, 21-17... पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, अकाने यामागुची को रौंदकर जीता खिताब; खत्म किया 2 सालों का सूखा
विपक्ष की मांग के बाद बढ़ा फैसला
इस निर्णय से पहले विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों ने छात्रों को छुट्टी देने की मांग की थी. उनका कहना था कि विश्व कप फाइनल देर रात समाप्त होगा. ऐसे में छात्रों के लिए अगली सुबह समय पर स्कूल और कॉलेज पहुंचना कठिन हो सकता है. सरकार ने इन सुझावों पर विचार करने के बाद अवकाश का निर्णय लिया.
परीक्षाओं पर नहीं पड़ेगा असर
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल नियमित कक्षाएं बंद रहेंगी. जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी. इससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी और छात्रों को विश्व कप फाइनल देखने का अवसर भी मिलेगा.
अर्जेंटीना और स्पेन के मुकाबले का इंतजार
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना यूरोपीय ताकत स्पेन से होगा. इस बड़े मुकाबले को लेकर केरल में भी जबरदस्त उत्साह है. फुटबॉल प्रेमी पूरी रात मैच देखने की तैयारी कर रहे हैं. इसी उत्साह को देखते हुए सरकार ने छात्रों को राहत देने का फैसला लिया है.