Freedom Fighters

WI vs PAK: जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास, लगातार पांच मेडन ओवरों में लिए पांच विकेट

वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में लगातार पांच मेडन ओवरों में पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया.

X
Ashutosh Rai

त्रिनिदाद में खेले जा रहे पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज़ के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने ऐसी गेंदबाजी की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को लगातार पांच मेडन ओवरों में आउट कर नया रिकॉर्ड बनाया और अपनी टीम को मैच में शानदार वापसी दिलाई.

बदला मैच का रुख

तीसरे दिन पाकिस्तान अच्छी स्थिति में दिखाई दे रहा था लेकिन जस्टिन ग्रीव्स ने अपने शानदार स्पेल से पूरा मुकाबला बदल दिया. उन्होंने लगातार पांच मेडन ओवर फेंके और हर ओवर में एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी गेंदबाज ने लगातार पांच मेडन ओवरों में विकेट लिए हों. ग्रीव्स ने 11 ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट लिए, जो उनके टेस्ट करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. उनकी सटीक लाइन और गेंद की मूवमेंट के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 282 रन पर सिमट गई.

स्टुअर्ट ब्रॉड का रिकॉर्ड तोड़ा

ग्रीव्स के इस प्रदर्शन ने इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया. ब्रॉड ने 2016 में लगातार चार मेडन ओवरों में विकेट लेने का कारनामा किया था. ग्रीव्स की बदौलत वेस्टइंडीज को पहली पारी में 29 रन की बढ़त मिली. हालांकि दूसरी पारी में मेजबान टीम की बल्लेबाजी फिर संघर्ष करती दिखी. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 126 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे और उनकी कुल बढ़त 155 रन की हो गई.


ऑलराउंडर के रूप में लगातार बढ़ रहा कद

जस्टिन ग्रीव्स पिछले कुछ महीनों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. दिसंबर 2025 में उन्होंने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चौथी पारी में नाबाद 202 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने 180 रन की शानदार पारी खेली. अब पाकिस्तान के खिलाफ़ इस ऐतिहासिक गेंदबाजी ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ भरोसेमंद बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि मैच जिताने वाले गेंदबाज भी बन चुके हैं. उनकी इस सफलता से वेस्टइंडीज़ टीम को नया आत्मविश्वास मिला है और आने वाले मुकाबलों में उनसे बड़ी उम्मीदें रहेंगी.