वो मेरा रिकॉर्ड तोड़ देगा... वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद भी वैभव सूर्यवंशी से डर गए जोस बटलर!

इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. रिकॉर्ड बनाने के बाद उन्होंने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की और कहा कि भविष्य में वह उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.

X
Ashutosh Rai

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस बड़ी उपलब्धि के बाद उन्होंने भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऐसी बात कही, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

वैभव सूर्यवंशी पर जोस बटलर का बड़ा भरोसा

टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद जोस बटलर ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि अभी भले ही रिकॉर्ड उनके नाम हो लेकिन आने वाले समय में वैभव इसे पार कर सकते हैं. बटलर का मानना है कि वैभव में लंबी रेस का खिलाड़ी बनने की पूरी क्षमता है. उन्होंने कहा कि इतने कम समय में जिस तरह इस युवा बल्लेबाज ने अपनी पहचान बनाई है, वह किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी बात है. बटलर का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.

कम उम्र में ही बना चुके हैं कई रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने बहुत कम उम्र में अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है. उन्होंने आईपीएल, अंडर-19 क्रिकेट, इंडिया ए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. अब तक उन्होंने 40 टी20 मैचों में 1670 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और आठ अर्धशतक निकले हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 144 रन रहा है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैभव इसी तरह लगातार अच्छा खेलते रहे तो आने वाले वर्षों में कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम हो सकते हैं.


फॉर्म में लौटकर खुश हैं जोस बटलर

जोस बटलर ने अपनी हाल की फॉर्म को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे लेकिन अब उनकी बल्लेबाजी पहले से बेहतर महसूस हो रही है. हाल ही में द हंड्रेड लीग में उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेलकर शानदार वापसी की. बटलर ने कहा कि क्रिकेट में हर खिलाड़ी के जीवन में मुश्किल समय आता है लेकिन हार मानने के बजाय लगातार मेहनत करना जरूरी होता है. उनका मानना है कि यही सोच उन्हें दोबारा अच्छी फॉर्म में वापस लेकर आई है.