US Israel Iran War

RCB vs SRH: बेस प्राइस वाले जैकब डफी ने IPL डेब्यू में मचाया कोहराम, हेड और अभिषेक समेत 3 को बनाया शिकार

आईपीएल 2026 में अपना डेब्यू कर रहे जैकब डफी ने सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा दिए.

X
Ashutosh Rai

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 के धमाकेदार ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक नए गेंदबाज ने तहलका मचा दिया है. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस महामुकाबले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने अपने आईपीएल डेब्यू में ही एक ऐसा कातिलाना स्पेल डाला है, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में दहशत फैला दी है.

डफी ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग से दुनिया के सबसे खतरनाक माने जाने वाले हैदराबाद के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह से नेस्तनाबूत कर दिया है. पावरप्ले के अंत में SRH का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 49 रन था. इसी के साथ आरसीबी को जोश हेजलवुड की कमी अब नहीं खलेगी.

22 रन देकर झटके 3 सबसे बड़े विकेट

जैकब डफी ने अपने कोटे के 4 ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी का ऐसा मुजाहिरा पेश किया जिसे चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूद फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे. अपने आईपीएल करियर का पहला स्पेल डाल रहे इस तेज गेंदबाज ने महज 22 रन खर्च करके 3 सबसे बड़े और कीमती विकेट अपने नाम किए. 

विस्फोटक ओपनर्स को भेजा घर

डफी का शिकार कोई आम बल्लेबाज नहीं, बल्कि टी-20 क्रिकेट के सबसे खूंखार और विस्फोटक ओपनर्स ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा बने, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की चंद गेंदों में धज्जियां उड़ाने के लिए जाने जाते हैं. इन दोनों के अलावा डफी ने हैदराबाद के मिडिल ऑर्डर की जान माने जाने वाले युवा स्टार नीतीश कुमार रेड्डी को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया. डफी की गति और स्विंग के आगे यह तूफानी बैटिंग लाइनअप पूरी तरह से बेबस नजर आया.

बेस प्राइस वाला खिलाड़ी निकला ट्रंप कार्ड

डफी के इस प्रदर्शन के बाद अब सोशल मीडिया से लेकर कमेंट्री बॉक्स तक, उनकी नीलामी की कीमत की जमकर चर्चा हो रही है. आईपीएल 2026 के ऑक्शन में जहां कई खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए थे. वहीं आरसीबी के मैनेजमेंट ने इस कीवी गेंदबाज को बिल्कुल चुपचाप महज उनके बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था.

आरसीबी का मास्टरस्ट्रोक

ऑक्शन टेबल पर लिया गया आरसीबी का यह फैसला आज एक बहुत बड़ा मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ है. किसी ने भी यह उम्मीद नहीं की थी कि बिना किसी शोर-शराबे के टीम में आया यह खिलाड़ी ओपनिंग मैच में ही आरसीबी की बॉलिंग का सबसे बड़ा तारणहार बन जाएगा.

बैकफुट पर आई सनराइजर्स हैदराबाद

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए यह शुरुआत किसी बड़े सपने के सच होने जैसी है. ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा जैसे मैच-विनर्स का विकेट सस्ते में निकालने से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शुरुआती ओवरों में ही बुरी तरह से बैकफुट पर आ गई है.