T20 वर्ल्ड कप 2026: शनिवार से T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो रहा है. कल वर्ल्ड नंबर भारत भी मैदान में उतरेगी. मुंबई में भारतीय टीम अपने T20 वर्ल्ड कप खिताब का बचाव शुरू करेगी. ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में मेन इन ब्लू वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका से भिड़ेंगे. फैंस को सूर्यकुमार यादव से कई उम्मीदें है. आइए जानते हैं कि इस मैच में कौन-कौन प्लेइंग XI का हिस्सा बन सकता है और किसे गंभीर और सूर्य बाहर का रास्ता दिखाएंगे.
सीनियर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए अपने पहले ICC टूर्नामेंट में दुनिया के नंबर 1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हर बार की तरह ओपनिंग करते देखे जाएंगे. वहीं पिछली टी20 सीरीज में अपना कमाल दिखाने वाले ईशान किशन संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं. वह अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करेंगे. 27 साल के ईशान 2021 में भारत की T20 वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा थे, संजू सैमसन की जगह चुने जाने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं.
सैमसन को 20 दिसंबर, 2025 को भारत की T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम में पहली पसंद के विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया था. पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहर निराशाजनक रहा. वह गंभीर और सूर्य को अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित करने में नाकाम रहे. दूसरी ओर, ईशान ने मौके का फायदा उठाते हुए दूसरे T20I में 32 गेंदों में 76 रन की पारी खेली और 31 जनवरी को पांचवें मैच में 42 गेंदों में शतक बनाया.
तिलक वर्मा चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने दो वार्म-अप मैचों में अपनी फिटनेस साबित की. 23 साल का यह बाएं हाथ का बल्लेबाज अब नंबर 3 पर बैटिंग करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और शिवम दुबे आएंगे.
जसप्रीत बुमराह या अर्शदीप सिंह में से किसी एक को ही अमेरिका के खिलाफ भारत की टीम में हिस्सा मिलेगा. वहीं दुनिया के नंबर 1 T20I गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती स्पिन अटैक की कमान संभालेंगे. हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कुलदीप यादव प्लेइंग इलेवन में जगह बना पाते हैं.
कुलदीप ने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारत के लिए तीन T20I मैच खेले थे और चार विकेट लिए थे. अगर कानपुर के इस स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में चुना जाता है, तो अर्शदीप बाहर हो सकते हैं.
USA के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.