IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर, हार्दिक पांड्या पंजाब में शामिल; अर्शदीप सिंह पहुंचे मुंबई

आईपीएल 2027 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की टीमों की अदला-बदली आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हो गई है.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: आईपीएल 2027 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की टीमों की अदला-बदली आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हो गई है. बुधवार को आईपीएल ने इसकी जानकारी शेयर की. इसके बाद अगले सीजन में हार्दिक पंजाब किंग्स और अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे.

हार्दिक को मिले 18 करोड़ रुपये:

इस ट्रेड में हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स की तरफ से 18 करोड़ रुपये मिलेंगे. इससे पहले आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए उनकी फीस 16.35 करोड़ रुपये थी. इसका सधी मतलब है कि अब उन्हें नई टीम से ज्यादा रकम मिलेगी. 

वहीं, अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे. इस तरह दोनों खिलाड़ियों की टीम बदल गई है, लेकिन अर्शदीप की फीस में बदलाव नहीं हुआ है.


मुंबई के लिए हार्दिक का दूसरा कार्यकाल खत्म:

हार्दिक पांड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने इस टीम के लिए 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीतने में अहम योगदान दिया. इसके बाद वह 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस का हिस्सा बने. फिर मुंबई में वापसी की और टीम की कप्तानी संभाली. अब पंजाब किंग्स उनकी आईपीएल करियर की तीसरी फ्रेंचाइजी होगी.

पंजाब छोड़कर मुंबई पहुंचे अर्शदीप:

अर्शदीप सिंह ने 2019 में पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. वह लगातार कई सीजन तक इसी टीम का हिस्सा रहे. अब आईपीएल 2027 में वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते दिखाई देंगे. अर्शदीप भारतीय टी20 टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हैं. उनके मुंबई से जुड़ने से टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है. वहीं, पंजाब किंग्स को हार्दिक के रूप में एक अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तानी का विकल्प मिलेगा.