इंदिरा का गुस्सा से लेकर इमरजेंसी तक, जानें सोनियाकी किताब में गांधी परिवार के कौन से खुले राज
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' में कुल सात चैप्टर हैं. इसमें राजीव गांधी से पहली मुलाकात, भारत में शुरुआती जीवन, इमरजेंसी, राजीव गांधी का प्रधानमंत्री कार्यकाल और कांग्रेस अध्यक्ष बनने तक का सफर शामिल है.
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' रिलीज हो चुकी है. इस किताब में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से लेकर गांधी परिवार के राजनीतिक सफर और देश की कई ऐतिहासिक घटनाओं पर अपने अनुभव साझा किए हैं.
किताब में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख दंगों से जुड़े कई अहम किस्से शामिल हैं. इसके अलावा कांग्रेस की राजनीति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ परिवार को लेकर भी उन्होंने अपनी राय रखी है. सोनिया गांधी की इस किताब में कुल सात चैप्टर हैं. इनमें उनकी प्रेम कहानी से लेकर राजनीति में आने और कांग्रेस की कमान संभालने तक का सफर दर्ज है.
किताब के सात चैप्टर कौन-कौन से हैं?
- किताब का पहला चैप्टर 'Love and Courtship' है. इसमें सोनिया गांधी ने साल 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंधों की शुरुआत का जिक्र किया है.
- दूसरा चैप्टर 'Finding My Way' है. इसमें भारत आने के बाद नए माहौल में खुद को ढालने, भारतीय परिवार और संस्कृति को समझने के साथ अपनी पहचान बनाने के अनुभव साझा किए गए हैं.
- तीसरा चैप्टर 'Triumphs and Defeats' है. इसमें साल 1975 में लगाए गए आपातकाल यानी इमरजेंसी और उस दौर की राजनीतिक और पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र है.
- चौथा चैप्टर 'Rajiv as Prime Minister' है. इसमें राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने, उनकी कार्यशैली और उनके कार्यकाल के दौरान देश में हुई प्रमुख घटनाओं को शामिल किया गया है.
- पांचवां चैप्टर 'Denouement and Aftermath' है. इसमें मई 1999 में सोनिया गांधी के विदेशी मूल को लेकर उठे विवाद और उसके बाद कांग्रेस में पैदा हुए राजनीतिक हालातों की चर्चा की गई है.
- छठा चैप्टर 'Leading The Congress Party' है. इसमें राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति से दूर रहने की उनकी इच्छा और बाद में कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने तक का सफर बताया गया है.
- सातवां और आखिरी चैप्टर 'Twenty Years On' है. इसमें साल 2004 के आम चुनावों में यूपीए की जीत और उसके बाद के दो दशकों की राजनीतिक यात्रा का जिक्र है.
इंदिरा गांधी के गुस्से से जुड़े कई किस्से
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव के बारे में भी कई बातें लिखी हैं. उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी को कभी-कभी इतना गुस्सा आता था कि घर और कार्यालय के कर्मचारी भी सहम जाते थे.
Also Read
- गांधी परिवार में देवरानी-जेठानी के बीच क्यों बढ़ी दूरियां? सोनिया की किताब में बड़े खुलासे
- भारत बनाने जा रहा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन! चीन का टूटेगा रिकॉर्ड, 17,244 फीट की ऊंचाई पर दौड़ेगी ट्रेन
- वंदे मातरम् के बीच बैठ गए केरल के स्वास्थ्य मंत्री, कलेक्टर और सांसद भी बैठे; वीडियो वायरल होने से मचा विवाद
एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि एक कर्मचारी महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट याद दिलाना भूल गया था. इससे नाराज होकर इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के कोने में खड़े रहने का निर्देश दिया था. एक बार उन्होंने कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को भी दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था. हालांकि, दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में बदलाव आया और उनके गुस्से की घटनाएं कम होने लगीं.
इमरजेंसी को बताया इंदिरा गांधी की भूल
सोनिया गांधी ने 1975 में लगाए गए आपातकाल को एक गलती बताया है. उन्होंने लिखा कि इंदिरा गांधी बाद में इस फैसले को लेकर पूरी तरह सहज नहीं थीं. उस समय की राजनीतिक उथल-पुथल और बिगड़ते हालात के बीच उन्हें लगा था कि इमरजेंसी जरूरी हो गई है.
किताब में सोनिया ने यह भी लिखा है कि संजय गांधी इमरजेंसी हटाने के पक्ष में नहीं थे. उनके मुताबिक, अगर उस समय संजय गांधी को नियंत्रित रखा गया होता तो आपातकाल के बाद हुए कई नुकसान रोके जा सकते थे.
ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख दंगों पर भी लिखा
सोनिया गांधी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की भावनात्मक स्थिति का जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि स्वर्ण मंदिर में सेना की कार्रवाई के बाद इंदिरा गांधी काफी दुखी थीं. सोनिया के मुताबिक, उन्होंने इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू देखे थे. ये आंसू कार्रवाई के तरीके और उसमें मारे गए लोगों की बड़ी संख्या को लेकर दर्द और पछतावे के थे.
वहीं, 1984 के सिख दंगों पर सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS की भूमिका का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि दंगों के मामलों में कांग्रेस नेताओं के साथ RSS के लोगों पर भी केस दर्ज हुए थे. कई आयोगों, समितियों और विशेष जांच टीमों के गठन के बावजूद पीड़ितों को न्याय मिलने में काफी मुश्किलें आईं.
इस तरह सोनिया गांधी की आत्मकथा में निजी रिश्तों, पारिवारिक यादों और देश के राजनीतिक इतिहास के कई अहम पहलुओं को जगह दी गई है. किताब के सामने आने के बाद इसके कुछ दावों और राजनीतिक टिप्पणियों को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है.