'कप्तानी कमजोर थी...' दिग्गज ने किया गायकवाड़ पर तीखा हमला, बताई CSK की हार की सबसे बड़ी वजह

IPL 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स की हार ने टीम की रणनीति और कप्तानी पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. SRH मुकाबले से पहले ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ANI
Meenu Singh

IPL 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स की हार ने टीम की रणनीति और कप्तानी पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सात विकेट की हार के बाद अब सीएसके की प्लेऑफ की राह मुश्किल जरूर हुई है, लेकिन टीम अब भी दौड़ से बाहर नहीं हुई है. आज चेन्नई सुपर किंग्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला खेलना है. अगर टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहना चाहती है तो उन्हें आज SRH के खिलाफ ये मुकाबला किसी भी कीमत में जीतना होगा. हालांकि इसी बीच पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज ने चेन्नई के कप्तान की रणनीति पर जमकर निशाना साधा और टीम चयन को हार का बड़ा कारण बताया.

15 मई को लखनऊ में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए. जिसके जवाब में LSG ने 17वें ओवर में ही मैच को अपने नाम कर लिया. जिसके बाद  से ही गायकवाड़ की कप्तानी पर सवाल उठने लगे.

सहवाग ने उठाए टीम चयन पर सवाल

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने चेन्नई की मौजूदा हालत को देखते हुए कहा कि, 'सीएसके ने LSG के खिलाफ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर गुरजपनीत सिंह को उतारकर गलती की थी. उनके अनुसार टीम को तेज गेंदबाज की जगह स्पिनर अकील हुसैन को मौका देना चाहिए था. सहवाग का मानना था कि जब सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मौजूद हों, जो तेज गेंदबाजी को बेहतर तरीके से खेलते हैं, तब पावरप्ले में स्पिन का इस्तेमाल ज्यादा असरदार साबित हो सकता था.'

पावरप्ले की रणनीति बनी हार की वजह

सहवाग ने खास तौर पर इस बात पर नाराजगी जताई कि सीएसके ने शुरुआती छह ओवरों में लगातार तेज गेंदबाजों का इस्तेमाल किया. इस दौरान मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस ने खुलकर रन बटोरे और बिना विकेट खोए टीम को मजबूत शुरुआत दिला दी. सहवाग का कहना था कि अगर नूर अहमद या अकील हुसैन जैसे स्पिनरों को जल्दी गेंदबाजी दी जाती तो विकेट मिलने की संभावना थी.

अब भी बची है प्लेऑफ की उम्मीद

इस हार के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है. टीम के 12 मैचों में 12 अंक हैं और अगर वह अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत लेती है, तो प्लेऑफ में जगह बना सकती है.

हालांकि इसके लिए टीम को अपनी रणनीति और संयोजन में सुधार करना होगा. बता दें आज टीम को चेपॉक में SRH के खिलाफ मैच खेलना है. इसके बाद चेन्नई को जीटी से भिड़ना है.