'समय अब ​​खत्म हो गया...', राजस्थान रॉयल्स को छोड़ने पर संजू सैमसन का खुलासा; धोनी को लेकर कही बड़ी बात

एक इंटरव्यू में सैमसन ने कहा कि उन्हें महसूस हुआ कि राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका सफर अब एक मुकाम पर पहुंच चुका है. ऐसे में उन्होंने नई चुनौती स्वीकार करने का फैसला लिया.

X
Anuj

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद सुर्खियों में छाए भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में नए रंग में दिखाई देंगे.

लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहने के बाद इस बार वह चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे. इस बदलाव को लेकर सैमसन ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है और टीम छोड़ने की वजह साझा की है.

'समय अब ​​खत्म हो गया'

एक इंटरव्यू में सैमसन ने कहा कि उन्हें महसूस हुआ कि राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका सफर अब एक मुकाम पर पहुंच चुका है. ऐसे में उन्होंने नई चुनौती स्वीकार करने का फैसला लिया. उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार वह अपनी पुरानी टीम(राजस्थान रॉयल्स) के खिलाफ खेलेंगे, लेकिन मैदान पर भावनाओं को खुद पर हावी नहीं होने देते. युवा बल्लेबाज ने आगे कहा कि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को इसलिए छोड़ा क्योंकि उन्हें लगा कि उनका समय अब ​​खत्म हो गया है. 

राजस्थान के खिलाफ पहला मैच खेलेगी CSK

IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही होना है. इस मैच को लेकर सैमसन ने कहा कि मुकाबले के दौरान उनका ध्यान सिर्फ खेल पर रहेगा, हालांकि मैच से पहले और बाद में भावनाएं जरूर जुड़ी रहेंगी. उन्होंने माना कि राजस्थान टीम के कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ उनके बेहद करीब रहे हैं, इसलिए यह मुकाबला खास होगा.

'सीखने का बेहतरीन अवसर होगा'

सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ने की एक और बड़ी वजह टीम के अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना भी है. उन्होंने कहा कि धोनी से उन्हें हमेशा सकारात्मक ऊर्जा मिलती रही है और उनके साथ समय बिताना उनके लिए सीखने का बेहतरीन अवसर होगा.

सैमसन ने कहा कि लगभग दो महीने तक धोनी के साथ रहकर उनके अनुभव से सीखना उनके करियर के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. गौरतलब है कि IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत करेगी. क्रिकेट प्रेमियों को इस सीजन में सैमसन के नए अंदाज का बेसब्री से इंतजार है.