IPL 2026 US Israel Iran War

RCB vs CSK: टिम डेविड के 'तूफान' में उड़ी चेन्नई, बेंगलुरु ने 43 रनों से जीता रोमांचक मुकाबला

चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच में एक बार फिर चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा है. आईपीएल-2026 में CSK की ये लगातार तीसरी हार है, जबकि RCB की ये लगातार दूसरी जीत है.

X/@BInformati71086
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को रनों की ऐसी बरसात हुई जिसने आईपीएल 2026 के रोमांच को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार खेल दिखाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों के बड़े अंतर से मात दी. यह आरसीबी की इस सीजन की लगातार दूसरी जीत है, जबकि पांच बार की चैंपियन चेन्नई को इस साल लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है.

इस शानदार जीत के साथ ही रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु की टीम अब आईपीएल 2026 की अंकतालिका में पहले पायदान पर काबिज हो गई है. इससे पहले आरसीबी ने अपने शुरुआती मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था. दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है, जो राजस्थान और पंजाब के बाद अब बेंगलुरु से भी हारकर अंकतालिका में पिछड़ गई है.

टिम डेविड और पाटीदार की आतिशी साझेदारी

मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. विराट कोहली (28) और फिल साल्ट (46) ने टीम को तेज शुरुआत दी, जिसे देवदत्त पडिक्कल ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर आगे बढ़ाया. लेकिन मैच का असली पासा पलटा टिम डेविड और कप्तान रजत पाटीदार की जोड़ी ने. दोनों ने चौथे विकेट के लिए महज 35 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद साझेदारी की. डेविड ने मात्र 25 गेंदों पर 8 छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन कूटे, वहीं पाटीदार 48 रन बनाकर नाबाद रहे.

चेन्नई का मिडिल ऑर्डर हुआ फेल 

251 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले में ही ऋतुराज गायकवाड़ (7), संजू सैमसन (9) और आयुष म्हात्रे (1) के विकेट गिर जाने से टीम दबाव में आ गई. हालांकि, सरफराज खान ने 25 गेंदों पर 50 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने उन्हें आउट कर चेन्नई की उम्मीदों को करारा झटका दिया. अंत में प्रशांत वीर (43) और जेमी ओवर्टन (37) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 207 रनों पर सिमट गई.

क्या कहते हैं आंकड़े? 

भले ही इस मैच में आरसीबी का दबदबा रहा हो, लेकिन आंकड़ों के लिहाज से अब भी चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 36 मुकाबलों में से चेन्नई ने 21 जीते हैं, जबकि बेंगलुरु ने 14 मैचों में विजय हासिल की है. पिछले सीजन में भी आरसीबी ने चेन्नई के खिलाफ अपने दोनों मैच जीते थे.