IPL 2026 US Israel Iran War

IPL 2026: बारिश बनेगी विलेन या मौसम रहेगा साफ? उद्घाटन मैच से पहले जानें Weather Report

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार पूरा मुकाबला होने की उम्मीद है. 28 मार्च को बेंगलुरु में मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.

Anuj

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन का आगाज अब बेहद करीब है और फैंस का उत्साह अपने चरम पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. इस हाई-वोल्टेज मैच में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने की पूरी उम्मीद है.

सीजन के पहले ही मुकाबले में दो मजबूत टीमों का आमना-सामना होने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है. दोनों टीमों का आईपीएल इतिहास में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है, इसलिए फैंस इस मैच को लेकर खासे उत्साहित हैं. हालांकि, बेंगलुरु में पहले कई बार बारिश की वजह से मैच प्रभावित हुए हैं, जिससे इस बार भी मौसम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार पूरा मुकाबला होने की उम्मीद है. 28 मार्च को बेंगलुरु में मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. दिन के समय तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि शाम को इसमें गिरावट आएगी और मैच के समय तापमान करीब 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. ऐसे में दर्शकों को बिना किसी बाधा के पूरा मैच देखने का मौका मिल सकता है.

सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी

अगर दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है. अब तक दोनों के बीच कुल 25 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें हैदराबाद ने 14 मैच जीते हैं, जबकि आरसीबी 11 मुकाबलों में जीत दर्ज कर पाई है. एक मैच बिना नतीजे के समाप्त हुआ था.

घर में आरसीबी की स्थिति मजबूत

हालांकि, अगर बात बेंगलुरु के घरेलू मैदान की करें, तो यहां आंकड़े अलग तस्वीर पेश करते हैं. एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच खेले गए 8 मुकाबलों में आरसीबी ने 5 बार जीत हासिल की है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को 3 मैचों में सफलता मिली है. इस तरह आंकड़े और मौजूदा परिस्थितियां दोनों ही इस मुकाबले को बेहद रोमांचक बना रही हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम आईपीएल 2026 की शुरुआत जीत के साथ करती है.