नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत बहुत धमाकेदार रही. पहला मैच आरसीबी और एसआरएच के बीच रहा जिसमें आरसीबी ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की. आरसीबी ने एसआरएच को रौंदते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की. अब लीग का दूसरा मैच पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस और तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना है.
यह मुकाबला एमआई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच से पहले दोनों टीमों ने अपनी अपनी तैयारियां पुख्ता कर ली हैं. लेकिन बीते कुछ सालों में वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर को प्रदर्शन निम्न कोटी का रहा है. इसके साथ ही टीम मौजूदा समय में चोट की समस्या से भी जूझ रही है, जिसने अभियान शुरू होने से पहले ही टीम की रणनीति पर असर डाल दिया है.
केकेआर इन दिनों चोट की समस्या से जूझ रही है. पिछले सीजन भी टीम का प्रदर्शन काफी निम्न दर्ज रहा था और ये आईपीएल सीजन शुरु होने से पहले ही टीम के कुछ स्टार खिलाड़ी चोटिल होने के कारण शुरुआती मुकाबले नहीं खेल पाएंगे.
बता दें चोट के चलते मथीशा पथिराना शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे, वहीं हर्षित राणा और आकाश दीप भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. तो ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की गेंदबाजी एमआई के खिलाफ केकेआर की जीत की संभावनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी. इस मैच में गेंदबाजी की जिम्मेदारी नारायण और चक्रवर्ती के कंधों पर रहेगी.
हालांकि, केकेआर के पास एक मजबूत बैटिंग लाइनअप है, जिसमें न्यूजीलैंड के फिन एलन और टिम सीफर्ट के साथ-साथ कैमरून ग्रीन का आगमन हुआ है, जो आंद्रे रसेल के स्थान पर टीम में शामिल हुए हैं.
गौरतलब है कि आंद्रे रसेल अब फ्रेंचाइजी के पावर कोच के रूप में कार्यरत हैं. हालांकि बल्लेबाजी केकेआर की सबसे बड़ी ताकत प्रतीत होती है, लेकिन रहाणे को अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण को संभालने के लिए अपने पूरे अनुभव का इस्तेमाल करना होगा.
इन सारी परिस्थितियों के बाद अब सवाल यह है कि क्या केकेआर के कप्तान अजिंक्या रहाणे टीम की उम्मीदों पर खड़े उतर पाएंगे. क्योंकि श्रेयस अय्यर के जाने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने अजिंक्या रहाणे को कप्तानी सौंपी, लेकिन उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा.
पिछला सीजन रहाणे के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. KKR पिछले सीजन 14 में से महज 5 मैच ही जीतने में सफल रही थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन रहाणे किस प्रकार टीम का नेतृत्व करते हैं.