menu-icon
India Daily

IPL 2026: आउट या नॉट आउट? बाउंड्री लाइन पर फिल साल्ट के कैच ने मचाया बवाल; अंपायर के फैसले पर भड़के फैंस

आईपीएल के पहले मैच में ही फैंस एक दूसरे से भिड़ गए हैं. साल्ट की कैच ने आउट या नॉट आउट का सवाल हर जूबान पर ला दिया है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: आउट या नॉट आउट? बाउंड्री लाइन पर फिल साल्ट के कैच ने मचाया बवाल; अंपायर के फैसले पर भड़के फैंस
Courtesy: X

RCB vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग के पहले ही ब्लॉकबस्टर मुकाबले में फुल-ऑन ड्रामा देखने को मिला है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे इस मैच में एक कैच ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. हर क्रिकेट फैन की जुबान पर बस एक ही सवाल है, 'यह आउट था या नॉट आउट?'

कैसे फंसा बाउंड्री पर पेंच?

मैच के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के तूफानी बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन बेहद खतरनाक मूड में नजर आ रहे थे. तभी उन्होंने आरसीबी के गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से एक गगनचुंबी शॉट खेला. गेंद हवा में काफी दूर गई, लेकिन मिडविकेट बाउंड्री पर मुस्तैद फिल साल्ट ने दोनों हाथों से एक शानदार कैच लपक लिया. अब इस कैच के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. फैंस थर्ड अंपायर के इस फैसले पर जमकर अपनी राय रख रहे हैं.

फैंस की अटकी सांसें

हालांकि, असली ड्रामा इसके बाद शुरू हुआ. कैच पूरा करने की प्रक्रिया में साल्ट अपना संतुलन खो बैठे और पीठ के बल बाउंड्री लाइन के एकदम करीब जा गिरे. गिरने के बाद उनके शरीर की पोजीशन काफी अजीबोगरीब थी. क्या साल्ट का शरीर बाउंड्री कुशन के संपर्क में था? यह एक ऐसा टच एंड गो मोमेंट था, जिसने पूरे स्टेडियम की सांसें अटका दीं.

थर्ड अंपायर का फैसला 

मैदानी अंपायरों ने तुरंत फैसला टीवी अंपायर (थर्ड अंपायर) रोहन पंडित के हाथों में सौंप दिया। कई अलग-अलग एंगल्स और जूम-इन रिप्ले देखने के बाद, टीवी अंपायर रोहन पंडित ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा, "मुझे बाउंड्री कुशन में किसी भी तरह की कोई हलचल नजर नहीं आ रही है." और इसी के साथ उन्होंने क्लासेन को आउट करार दे दिया.

क्लासेन का गुस्सा

टीवी स्क्रीन पर OUT फ्लैश होते ही हेनरिक क्लासेन बुरी तरह से भड़क गए. वह अंपायर के इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं थे. मैदान से बाहर जाते हुए उनके हाव-भाव साफ बता रहे थे कि उन्हें यकीन है कि साल्ट का शरीर कुशन से टच हुआ था. यह क्रिकेट के सबसे करीबी मामलों में से एक था, लेकिन क्लासेन को 22 गेंदों में 31 रनों की अपनी तेज-तर्रार पारी यहीं समाप्त करनी पड़ी.

Topics